अयोध्या: अवैध बता ढहाया दुकान और मकान, पीड़ितों ने लगाया यह आरोप
अयोध्या। उदया चौराहे पर शनिवार दोपहर बाद अवैध बताते हुए एक बड़ी दुकान और आवासीय भवन ढहा दिया गया। जेसीबी लेकर पहुंचे प्रशासनिक अमले के लोगों ने पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई अंजाम दी। हालांकि इसे लेकर पीड़ित पक्ष ने गंभीर आरोप जड़े हैं। पीड़ितों का कहना है कि बिना नोटिस के ध्वस्तीकरण की …
अयोध्या। उदया चौराहे पर शनिवार दोपहर बाद अवैध बताते हुए एक बड़ी दुकान और आवासीय भवन ढहा दिया गया। जेसीबी लेकर पहुंचे प्रशासनिक अमले के लोगों ने पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई अंजाम दी। हालांकि इसे लेकर पीड़ित पक्ष ने गंभीर आरोप जड़े हैं। पीड़ितों का कहना है कि बिना नोटिस के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई, जिससे भारी नुकसान हुआ है।
बताया जाता है शनिवार दोपहर बाद एसडीएम सदर रामकुमार शुक्ला जेसीबी और फोर्स के साथ उदया चौराहे पर पहुंचे। इसके बाद बुलडोजर ने पहले वहां स्थित एक चर्चित गुप्ता होटल के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। जिसे लेकर होटल संचालक और टीम के बीच नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में पुलिस बल के चलते होटल की ऊपरी मंजिल पहले ढहाई गई।
उसके बाद निकट स्थित आवासीय परिसर को हटाया जाने लगा। यह कार्रवाई तब हुई जब होटल संचालक और आवासीय परिसर में रहने वाले लोग अपना सामान तक नहीं हटा सके थे। परिवार के लोग रोते गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन बुलडोजर नहीं रुका। करीब तीन घंटे की कार्रवाई के दौरान वहां काफी भीड़ भी जुट गई। यातायात भी काफी देर तक प्रभावित रहा।
पीड़ितों का कहना था कि कोई नोटिस या पूर्व सूचना नहीं दी गई। कम से कम अपना सामान तो निकाल लेते। वहीं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर रही टीम के एसडीएम ने बताया कि एक माह पहले सूचना दी जा चुकी थी। शनिवार सुबह भी बताया गया था। उन्होंने कहा कि संबधित निर्माण अतिक्रमण है और नजूल की भूमि में है। निकट हो रहा आरओबी का निर्माण इससे प्रभावित हो रहा था।
यह भी पढ़ें:-पीलीभीत: नावकूड़ में अवैध खनन, जेसीबी और दो ट्रैक्टर ट्रॉली सीज
