बरेली: कॉलेजों में जरूरी व्यवस्थाएं नहीं होने पर होगी कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। ग्रीष्मावकाश के बाद 1 जुलाई से सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, स्ववित्त पोषित हाईस्कूल व इंटर कॉलेज खुलेंगे। स्कूलों में साफ-सफाई, ब्लैक बोर्ड की पुताई की व्यवस्था, शुद्ध पीने के पानी की व्यवस्था आदि पहले ही दुरुस्त कराने के निर्देश डीआईओएस डा. मुकेश कुमार सिंह ने जारी किए हैं। निरीक्षण के दौरान …
बरेली, अमृत विचार। ग्रीष्मावकाश के बाद 1 जुलाई से सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, स्ववित्त पोषित हाईस्कूल व इंटर कॉलेज खुलेंगे। स्कूलों में साफ-सफाई, ब्लैक बोर्ड की पुताई की व्यवस्था, शुद्ध पीने के पानी की व्यवस्था आदि पहले ही दुरुस्त कराने के निर्देश डीआईओएस डा. मुकेश कुमार सिंह ने जारी किए हैं। निरीक्षण के दौरान कॉलेजों में यह व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं पाए जाने पर प्रधानाचार्यों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों को पीने योग्य शुद्ध पानी मिल सके इसके लिए टैंकों की सफाई कराने के लिए कहा गया है। डीआईओएस ने बताया कि स्कूल खुलने पर सभी स्कूलों का औचक निरीक्षण कराया जाएगा। इस दौरान जरूरी व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
टीसी व प्रवेश के लिए बने विशेष डेस्क
जानकारी के मुताबिक स्कूलों के खुलने पर टीसी लेने व प्रवेश लिए ज्यादा छात्र जुटेंगे। इसके लिए विशेष हेल्प डेस्क तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि छात्रों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। साथ ही कक्षाओं में मुख्य रूप से पंखे व प्रकाश की व्यवस्था कराना अनिवार्य है। इसके अलावा शिक्षकों व कर्मचारियों की निर्धारित समय के अनुसार बायोमैट्रिक उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी।
जनपद, राज्य व देश के नक्शे तैयार कराना जरूरी
स्कूलों में जनपद, राज्य व देश के नक्शे की पेंटिंग कराने के लिए कहा गया है। इसके पीछे अधिकारियों की मंशा है कि रोजाना नक्शों को देख छात्रों को देश, राज्य व जनपद की भौगोलिक स्थितियों की जानकारी मिलेगी। साथ ही अनेक विषयों के लिए नक्शों की जानकारी भी बेहद कारगर साबित होगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पंडित सुशील पाठक ने कुछ ही घंटों में खत्म किया आमरण अनशन
