प्रयागराज: महाकुंभ मेले की तैयारियां हुई तेज, संगम नगरी में बनेगा 5 स्टार होटल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। यूपी की संगम नगरी प्रयागराज में जनवरी 2025 में होने वाले महाकुंभ की तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। मेले की तैयारियों को लेकर योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की अध्यक्षता में सोमवार को मेला प्राधिकरण स्थित आईसीसीसी सभागार में बैठक हुई, जिसमें महाकुंभ मेला-2025 को लेकर कई मुद्दों …

प्रयागराज। यूपी की संगम नगरी प्रयागराज में जनवरी 2025 में होने वाले महाकुंभ की तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। मेले की तैयारियों को लेकर योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की अध्यक्षता में सोमवार को मेला प्राधिकरण स्थित आईसीसीसी सभागार में बैठक हुई, जिसमें महाकुंभ मेला-2025 को लेकर कई मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में कमिश्नर संजय गोयल ने वहां मौजूद जनप्रतिनिधिगणों को महाकुंभ-2025 की तैयारियों को देखते हुए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कमिश्नर ने बताया कि महाकुंभ-2025 के मद्देनजर जिले में बनाये जाने वाले फ्लाईओवरों के स्थान का चिह्नीकरण कर लिया गया है, जिसमें महात्मागांधी मार्ग स्थित मेडिकल चैराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण, महाराणा प्रताप चैराहा से लोकसेवा आयोग, पत्रिका चौराहा एवं मिश्रा भवन चौराहे तक फ्लाईओवर का निर्माण कराए जाने से संबंधित प्रस्ताव तैयार किए गए।

सौन्दर्यीकरण के कार्य कराया जाना

उन्होंने आगे कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों की स्ट्रीट लाइट, पोलों पर रंगीन एलईडी स्ट्रिप आपूर्ति एवं स्थापना के कार्य, पुराने यमुना ब्रिज पर रंगीन लाइटिंग के कार्य के साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण व सौन्दर्यीकरण के कार्य कराया जाना है। इसमें कचहरी चौराहा से लक्ष्मी टाकीज चौराह, तुलसी चौराहा से मदन मोहन मालवीय चौराहा, सरोजनी नायडू चौराहा से न्याय मार्ग चौराहा, तुलसी चौराहा से पत्थर गिरजाघर तक, इन्दिरा गांधी चौराहा से धोबी घाट चौराहा तक, एकलव्य चौराहा से धोबीघाट चौराहा तक, जिलाधिकारी कार्यालय से विश्वविद्यालय रोड़ क्रासिंग सहित अन्य मार्गों का चिह्नीकरण किया गया है।

मेट्रो ट्रेन को लेकर भी हुई चर्चा

इसके साथ ही प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा बताया गया कि मेट्रो के अभी दो रूट बनाए जाएंगे, पहला फाफामऊ के शातिपुरम से नैनी में रीवा मार्ग तक और दूसरा बमरौली से झूंसी तक होगा। प्रशासन की कोशिश महाकुंभ के पहले इसे शुरू करने की होगी।

कमिश्नर ने बताया कि नागवासुकी मंदिर का विकास, द्वादश माधव मंदिर के परिपथ विकसित किये जाने, दरियाबाद स्थित तक्षक तीर्थ के विकास, पंचकोसी परिक्रमा पथ, डिजिटल कुम्भ म्यूजियम, ओल्ड कर्जन ब्रिज फाफामऊ, दशाश्वमेध घाट के विकास कार्य सहित सभी चिह्नित अन्य प्राचीन धार्मिंक स्थलों के विकास कार्य के साथ ही उनके सौन्दर्यीकरण से संबंधित प्रस्ताव पेश किए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री ने महाकुंभ की तैयारियां शुरू करने का दिया निर्देश

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि पूरी दुनिया ने कुम्भ-2019 की भव्यता, दिव्यता को सराहा है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधिगणों द्वारा जो भी प्रस्ताव/सुझाव दिए जा रहे हैं, उसको कार्य योजना में शामिल करें। महाकुंभ-2025 के मद्देनजर नगर निगम द्वारा विस्तारित क्षेत्रों के विकास में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘महाकुंभ-2025 के दृष्टिगत जो भी निर्माण के लिए योजनाएं/प्रस्ताव बनाये जाये, उसमें कोई ओवरलैपिंग नहीं होनी चाहिए। शहर में यदि किसी विभाग/संस्था द्वारा अपने कार्य के लिए सड़क की खुदायी करायी जाती है, तो उसी संस्था/विभाग द्वारा उस रोड़ के निर्माण का कार्य कराया जायेगा। एयरपोर्ट से सीधे मेला क्षेत्र में प्रवेश की ठोस कार्य योजना बनाये जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।’

कैबिनेट मंत्री नंदी ने कहा कि जिले के प्राचीन मंदिरों का चिह्नीकरण करते हुए उनके सौन्दर्यीकरण से संबंधित कार्य को कराये जाने चाहिए।

5 स्टार होटल उपलब्ध कराने का निर्देश

उन्होंने कहा कि प्रयागराज में फाइव स्टार होटल नहीं है। कुंभ मेला से पहले कम से कम दो फाइव स्टार होटल जरूर बन जाने चाहिए। नंदी ने कहा कि पीडीए फाइव स्टार होटल के लिए जमीन का इंतजाम करें। निवेशकों को लाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

पढ़ें-UP Weather Update: यूपी वासियों को मिलेगी बड़ी राहत, 29 जिलों में होगी झमाझम बारिश

संबंधित समाचार