अयोध्या: हैरिंग्टनगंज क्षेत्र में नहीं रुक रहीं चोरी की घटनाएं, तंग आ चुके हैं लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या/मिल्कीपुर। इनायतनगर थाने के हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस एक भी घटना का पर्दाफाश नहीं कर पा रही है। अभी चंद दिनों पूर्व हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के परसपुर सथरा में पंचायत भवन का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का सामान पार कर दिया …

अयोध्या/मिल्कीपुर। इनायतनगर थाने के हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस एक भी घटना का पर्दाफाश नहीं कर पा रही है। अभी चंद दिनों पूर्व हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के परसपुर सथरा में पंचायत भवन का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का सामान पार कर दिया है। इसके पहले पाराताजपुर कम्पोजिट विद्यालय का ताला तोड़ कर चोरों ने लाखों के कम्प्यूटर व अन्य उपकरण पर हाथ साफ कर दिया था। इसके अलावा रेवतीगंज बाजार में कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर पायी। हैरिंग्टनगंज की साप्ताहिक बाजार से लाखों की कीमत के दर्जनों मोबाइल चोरी हो चुके हैं। पीड़ित पुलिस को तहरीर देकर घटना के खुलासे की उम्मीद करते हैं, लेकिन पुलिस तहरीर को रद्दी की टोकरी में डालकर मामले की इतिश्री कर देती है। अभी पिछले महीने हैरिंग्टनगंज कस्बे के चिखड़ी मोड़ पर इलेक्ट्रिक सामानों के प्रमुख व्यवसायी की दुकान से नकद दो लाख 95 हजार रुपए की चोरी हुई थी।

साप्ताहिक बाजार से चोरी हो चुके हैं दर्जनों मोबाइल 

हैरिंग्टनगंज के प्रमुख व्यवसायी देवेंद्र पांडे का 13 हजार रुपए का मोबाइल साप्ताहिक बाजार से चोरी हो गया। इसके साथ ही पलिया लोहानी के श्री निवास दूबे का तीस हजार रुपए कीमत का मोबाइल इसी साप्ताहिक बाजार से चोरों ने पार कर दिया। इसके अलावा इस साप्ताहिक बाजार से दर्जनों महंगे मोबाइल चोरी हो चुके हैं। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस बाजार झांकने तक नहीं गई। स्कूलों में सरकारी इमारत का ताला तोड़कर लाखों की चोरी हुई है। आए दिन छोटे व्यापारी के मोबाइल राह चलते छीन लिए जा रहे हैं, लेकिन अपराधियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।

अभी तीन दिन पहले हैरिंग्टनगंज चौकी इंचार्ज यशवंत द्विवेदी को एसएसपी शैलेश पांडे की कड़ी फटकार भी लगी थी, लेकिन इसके बावजूद हैरिंग्टनगंज पुलिस की कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं दिखाई दे रहा है। फिलहाल नवागत सीओ सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने मिल्कीपुर सर्किल में अपराधों की समीक्षा कर हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी के सामने चेकिंग लगवाकर आने जाने वालों को सड़क सुरक्षा के नियम बताते हुए अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें:-बिजनौर: पकौड़ी चोरी के शक में ‘तालिबानी सजा’, पेड़ से बांधकर पीटा…फिर किया गंजा

संबंधित समाचार