उपलब्धि : जर्मनी में चमकी पीतल नगरी की कलाकृति
आशुतोष मिश्र, मुरादाबाद। मेटल हैंडीक्राफ्ट के वार्षिक 8000 करोड़ के कारोबार वाले मुरादाबाद के खाते में बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गयी। शहर के शिल्पगुरु सम्मान से पुरस्कृत दिलशाद हुसैन द्वारा पीतल के घड़े पर उकेरी गई कलाकृति ने देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जर्मनी के चांसलर …
आशुतोष मिश्र, मुरादाबाद। मेटल हैंडीक्राफ्ट के वार्षिक 8000 करोड़ के कारोबार वाले मुरादाबाद के खाते में बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गयी। शहर के शिल्पगुरु सम्मान से पुरस्कृत दिलशाद हुसैन द्वारा पीतल के घड़े पर उकेरी गई कलाकृति ने देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कॉल्ज को यह उपहार भेंट किया गया है। यह बेशकीमती रिकॉर्ड मुरादाबाद के दस्तकारी इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया।
दरअसल, राजधानी लखनऊ में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में प्रधानमंत्री बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने आए थे, जहां उन्होंने हस्तशिल्प निर्मित उत्पादों की गैलरी का निरीक्षण किया। वह शहर के बरवलान मुहल्ला निवासी दिलशाद हुसैन की दस्तकारी के मुरीद हो गये। दिलशाद ने उन्हें स्वच्छ भारत अभियान के संदेश से अंकित प्लेट भेंट की। वहीं स्टाल पर रखे गए घड़े की ओर प्रधानमंत्री आकर्षित हुए बिना नहीं रह पाए। जिसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय उनके जी-7 देशों सहित जर्मनी दौरे की तैयारी में जुट गया।

निर्यात एवं प्रोत्साहन मंत्रालय द्वारा यहां के जिलाधिकारी से दिलशाद हुसैन द्वारा गढ़े गए घड़े की मांग की गई। जिलाधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय की मांग की जानकारी दिलशाद हुसैन को दी गयी तो वह झूम उठे। जिला प्रशासन द्वारा घड़े की कीमत पूछे जाने पर दिलशाद भाव विह्वल हो गए। बोले, मैं यह घड़ा इस शर्त पर दूंगा जब मुझसे यह उपहार के रूप में स्वीकार किया जाएगा। उसके बाद काले पीतल के बर्तन पर सोने के रंग से उकेरी गई कलाकृति वाला उत्पाद पीएमओ भेज दिया गया, जिसे सोमवार को प्रधानमंत्री ने जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कॉल्ज को भेंट किया। अब दिलशाद का सीना गर्व से चौड़ा है।
अमृत विचार से बातचीत में दिलशाद बताते हैं कि 16 इंच ऊंचाई वाले घड़े की नक्काशी छह महीने में पूरी हुई। राष्ट्रीय अवार्ड की प्रदर्शनी में भी इसे रखा गया था। अब यह घड़ा देश के प्रतिनिधि के रूप में जर्मनी पहुंच गया। यह मेरे लिए गौरव की बात है। यह बोलते हुए दिलशाद भावुक हो गए। लाख पूछने के बाद भी घड़े की कीमत बताने को तैयार नहीं हुए।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक पटल पर पीतल नगरी (मुरादाबाद) की चमक बिखेरने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के ट्वीटर हैंडल पर यह संदेश जारी किया गया है। जिसमें मुरादाबाद के हस्तशिल्पी शिल्पगुरु दिलशाद हुसैन द्वारा तैयार की गई कलाकृति को प्रधानमंत्री द्वारा पसंद करके उपहार के तौर जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कॉल्ज को भेंट करने को मुरादाबाद के लिए सौभाग्य की बात माना गया है।
