लखीमपुर-खीरी: पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांग को लेकर परिजनों ने रोका अंतिम संस्कार
अमृत विचार, लखीमपुर खीरी। बुधवार की सुबह किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। भारी पुलिस बल के बीच शव जब गांव पहुंचा तो परिवार के लोग भड़क उठे। पुलिस पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। घर वालों का कहना …
अमृत विचार, लखीमपुर खीरी। बुधवार की सुबह किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। भारी पुलिस बल के बीच शव जब गांव पहुंचा तो परिवार के लोग भड़क उठे। पुलिस पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। घर वालों का कहना था कि एसपी ने शव परिजनों को दिखाने के बाद पोस्टमार्टम कराने का वादा किया था, लेकिन परिजनों के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने से पहले ही पोस्टमार्टम करा दिया।
परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांग कर रहे थे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद प्रभारी निरीक्षक सदर पोस्टमार्टम की कॉपी लेकर पहुंचे और घर वालों को दिखाया। एएसपी के समझाने –बुझाने पर परिवार के लोग शांत हुए। तब जाकर शव का अंतिम संस्कार हो सका।
मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम न हो पाने के कारण पुलिस ने शव पुराने पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया था और पूरी रात पहरा देती रही। सुबह तीन डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सुबह करीब 11.23 बजे पोस्टमार्टम हो सका। इसके बाद थाना फरधान एसअ ो अनिल कुमार सैनी के साथ पुलिस की मौजूदगी में शव किशोरी के गांव पहुंचा। वैन से शव उतरने के बाद परिवार वालों ने पुलिस पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना था कि पुलिस ने घटनास्थल से आनन-फानन में शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा था। एसपी संजीव सुमन ने मौके पर आकर पोस्टमार्टम परिजनों को शव दिखाने के बाद कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन बुधवार को जब तक परिवार वाले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। तब तक पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया। मृतका के पिता से हस्ताक्षर करा लिए। पुलिस ने उन्हें काफी समझाने बुझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन नहीं माने और वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कॉपी देने पर अड़ गए।
उनका कहना था कि यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट संतोषजनक नहीं होगी तो वह दोबारा शव का पोस्टमार्टम कराएंगे। इससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए। परिजनों के अंतिम संस्कार न करने की सूचना पर एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी संदीप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने मोबाइल पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कॉपी मंगवाई और परिजनों को दिखाया। एएसपी के समझाने के बाद परिवार के लोग माने। तब जाकर करीब तीन बजे शव को परिवार वालों ने जमींदोज किया।
शव पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा को परिजनों में चीख पुकार मच गई। तमाम लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। शव के पास बैठी मृतका की मां विलाप कर रही थी। आसपास की महिलाएं उसे और परिवार के बिलख रहे अन्य परिजनों को ढांढस बंधा रहे थे।
छावनी में तब्दील रहा गांव
किशोरी की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हुई हत्या के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बुधवार को शव पहुंचने से पहले ही गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया गया था। इसके अलावा थाना फरधान एसअ ो समेत कई दरोगा भी तैनात रहे।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: खुलासा…बड़ी बहन ने ही पकड़े थे हाथ, चार लोगों से कराया था बारी-बारी से दुष्कर्म
