पीलीभीत: अधिवक्ता अच्छे व्यवहार से वादकारियों को न्याय दिलाएं- शेखर कुमार यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव ने कहा कि वकालत का पेशा बड़ा ही गौरवशाली है। विधि व्यवसाय में सफलतम 60 वर्ष पूरा करना, उससे भी बड़ी उपलब्धि है। जिला जजी परिसर में न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव सिविल बार एसोसिएशन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार सक्सेना के वकालत के …

पीलीभीत, अमृत विचार। उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव ने कहा कि वकालत का पेशा बड़ा ही गौरवशाली है। विधि व्यवसाय में सफलतम 60 वर्ष पूरा करना, उससे भी बड़ी उपलब्धि है। जिला जजी परिसर में न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव सिविल बार एसोसिएशन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार सक्सेना के वकालत के 60 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित हीरक जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को अपने पक्ष को बेहतर ढंग से रखना चाहिए। कभी-कभी हमें वह नहीं मिल पाता है, जिसकी हमें अपेक्षा होती है। ऐसे में हमें अगली अदालत में जाना चाहिए। कहा कि हमारे अच्छे व्यवहार से वादकारियों को बेहतर न्याय मिलने में आसानी होती है। यह भी कहा कि तीन दशक तक वह बार एसोसिएशन के सदस्य रहने के बाद बेंच में आए हैं।

अधिवक्ताओं के बीच आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधीर कुमार ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार सक्सेना की वकालत के 60 साल पूर्ण हेाने पर आयोजित समारोह एक बेहतर प्रयास है। नए अधिवक्ताओं को अपने वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन लेना चाहिए। 60 साल वकालत के पूरे कर चुके सुरेंद्र सक्सेना ने कहा कि हमें न्यायालय के समक्ष हमेशा सही तथ्य रखने चाहिए। नए कानूनों का अध्यन करना चाहिए। कार्य व्यवहार एवं आचरण बेहतर रखना चाहिए और न्यायपालिका का सम्मान करना चाहिए।

उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के अध्यक्ष श्रीश कुमार मेहरोत्रा ने प्रदेश बार काउंसिल द्वारा चलाई जा रही अधिवक्ता हितकारी योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि 50 वर्ष की वकालत पूरी कर चुके अधिवक्ताओं को जो आयकर दाता नहीं है। उन्हें बार काउंसिल पांच हजार रुपये प्रतिमाह देने की शुरुआत कर रही है। सिविल बार के अध्यक्ष आलोक नगाइच ने सभी का आभार जताया। अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

दोशाला और स्मृति चिह्न व बांसुरी भेंट की गई। इस मौके पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रविंद्र सिंह, पीठासीन अधिकारी एमएसीटी राकेश धर दुबे, अपर जिला जज अभिषेक पांडेय, स्पेशल जज राकेश वशिष्ठ, विशेष न्यायाधीश राजीव सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार सिंह, अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट मुन्नालाल, सिविल जज जूनियर डिविजन महिला सुरक्षा नंदनी अग्निहोत्री, अपर सिविल जज जूनियर डिविजन सुम्बुल इर आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: ग्रामीण के पेट में लात मारने से मौत, आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार