बरेली: सुबह तक रहा मालगाड़ी बेपटरी होने का असर, कई ट्रेनें की गईं डायवर्ट, यात्री हुए परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शुक्रवार रात रामपुर और शहजादनगर के बीच हॉट एक्सल के कारण मालगाड़ी का एक वैगन पटरी से उतर गया था, जिसकी वजह रेल संचालन बाधित हो गया था। कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया। कई ट्रेनों को जंक्शन पर निरस्त कर बरेली कैंट से ही वाया चंदौसी- मुरादाबाद गुजारा गया। इसके अलावा कई …

बरेली, अमृत विचार। शुक्रवार रात रामपुर और शहजादनगर के बीच हॉट एक्सल के कारण मालगाड़ी का एक वैगन पटरी से उतर गया था, जिसकी वजह रेल संचालन बाधित हो गया था। कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया। कई ट्रेनों को जंक्शन पर निरस्त कर बरेली कैंट से ही वाया चंदौसी- मुरादाबाद गुजारा गया। इसके अलावा कई ट्रेनें दूसरे स्टेशनों पर खड़ी कर दी गईं थीं। हादसा अप लाइन पर हुआ था इसलिए अप लाइन की ट्रेनें घंटों लेट हो गईं। देर रात करीब 4 बजे के आसपास जंक्शन पर अप लाइन पर रेल संचालन बहाल हो पाया। ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला शनिवार सुबह तक जारी रहा, जिसकी वजह से यात्री परेशान हुए।

रेल संचालन बहाल होने के बाद अप लाइन पर पद्मावत एक्सप्रेस 3 बजकर 47 मिनट पर जंक्शन से रवाना की गई। यह ट्रेन 1 घंटा 20 मिनट की देरी से जंक्शन पहुंची। इसके अलावा सुबह तक आने वाली ट्रेनों पर असर रहा। सत्याग्रह एक्सप्रेस 1 घंटा 30 मिनट, 14511 नौचंदी एक्सप्रेस 2 घंटा 12 मिनट, 12231 लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस 2 घंटा 8 मिनट, 12429 लखनऊ नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट 1 घंटा 30 मिनट, 15043 लखनऊ जंक्शन-काठगोदाम एक्सप्रेस 1 घंटा, 22419 सुहेलदेव सुपरफास्ट 2 घंटा 15 मिनट, 13019 बाघ एक्सप्रेस 1 घंटा 40 मिनट की देरी से जंक्शन पहुंची। इससे पहले ट्रेनों को डायवर्ट करने के कारण देर रात यात्रियों को बरेली कैंट स्टेशन पहुंचने के लिए कहा गया था, जिसकी वजह से भगदड़ तक मच गई थी। कई यात्री चोटिल हुए तो कई की ट्रेन तक छूट गई।

चार कहकर बाद में कर दीं नौ ट्रेनें डायवर्ट
शुक्रवार देर रात तक बरेली जंक्शन से केवल चार ट्रेनों को डायवर्ट करने के आदेश हुए थे जिनमें 12469 कानपुर सेंट्रल जम्मूतवी एक्सप्रेस, 13009 दून एक्सप्रेस, 15097 अमरनाथ एक्सप्रेस, 14265 बनारस देहरादून एक्सप्रेस शामिल रहीं। इन ट्रेनों को वाया चंदौसी मुरादाबाद गुजारा गया। काशी विश्वनाथ, लखनऊ मेल, श्रमजीवी जैसी ट्रेनों के लिए रेल अधिकारियों के पास कोई सूचना नहीं थी।

पहले मैसेज आया कि इन ट्रेनों को जंक्शन से ही गुजारा जाएगा, लेकिन रात 2 बजे बाद अचानक पांच अन्य ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया जिनमें 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस, 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 05005 राप्तिगंगा एक्सप्रेस, 12229 लखनऊ मेल थीं।

ये भी पढ़ें- बरेली: बारिश के चलते शहर में बिजली गुल, लोगों को दिक्कतों का करना पड़ रहा सामना

 

संबंधित समाचार