पीलीभीत: उत्तराखंड सीमा पर तस्करों ने तीन गोवंश काटे, मंदिर के नजदीक फेंके अवशेष
पीलीभीत, अमृत विचार। पुलिस की निष्क्रियता का फायदा उठाकर गोमांस तस्कर एक बार फिर सक्रिय हुए। उत्तराखंड सीमा से सटे सितारगंज रोड पर स्थित भिंडारा गांव की मुख्य सड़क से सटे प्लाट पर तीन गोवंशीय पशुओं की हत्या कर दी गई।उसके बाद तस्कर मंदिर के नजदीक अवशेष फेंककर भाग गए। दूसरे दिन अवशेष पड़े मिलने …
पीलीभीत, अमृत विचार। पुलिस की निष्क्रियता का फायदा उठाकर गोमांस तस्कर एक बार फिर सक्रिय हुए। उत्तराखंड सीमा से सटे सितारगंज रोड पर स्थित भिंडारा गांव की मुख्य सड़क से सटे प्लाट पर तीन गोवंशीय पशुओं की हत्या कर दी गई।उसके बाद तस्कर मंदिर के नजदीक अवशेष फेंककर भाग गए। दूसरे दिन अवशेष पड़े मिलने पर काफी संख्या में स्थानीय लोग जमा हुए और घटना पर आक्रोश जताया। बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद भी पहुंच गए और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग रख दी। पुलिस ने अवशेष परीक्षण के बाद दफन कराए और तस्करों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए लोगों को शांत कराया।
घटना न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव भिंडारा की है। उत्तराखंड सीमा से सटे इस गांव में गोमांस तस्कर सक्रिय हुए। शनिवार देर रात तस्करों ने सितारगंज रोड पर भिंडारा गांव में एक खाली प्लाट में ही तीन गोवंशीय पशुओं की हत्या की। उनका मांस बिक्री के लिए ले गए। यही नहीं पशुओं के अवशेष नजदीक में ही स्थित दुर्गा मंदिर के पास फेंक गए।
रविवार सुबह लोगों की आवाजाही शुरू हुई तो नजर गोवंशीय पशुओं के अवशेष पर पड़ी। जिसके बाद गोकशी का शोर मचा और चंद मिनट में ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। भाजपा के बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद आ गए। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सदर लल्लन सिंह, एसओ न्यूरिया मनोज कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई और फिर पशु चिकित्सक को बुलाकर अवशेष का परीक्षण कराकर दफन करा दिया। घटना को लेकर भीड़ आक्रोशित हो चुकी थी।
पुलिस पर लापरवाही और मिलीभगत का आरोप लगाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। मझोला पुलिस चौकी पर विधायक की मौजूदगी में काफी देर तक बातचीत चलती रही। अंत में कठोर कार्रवाई की बात कहते हुए सीओ सदर ने मामला बमुश्किल शांत कराया। विधायक ने एसपी से बात कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: शाहजी मियां उर्स में उमड़े अकीदतमंद, चादरपोशी की
