बरेली: बकरीद नजदीक आते ही ऑनलाइन सजा बकरों का बाजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। परंपरागत बकरों के बाजार से हटकर अब गोट फार्मिंग के बाजार में हाथ आजमाने वाले लोगों ने बकरों की बिक्री आनलाइन भी शुरू कर दी है। तमाम वेबसाइट पर हर नस्ल का बकरा आपको आनलाइन मिल जाएगा। लोग आनलाइन बकरा खरीदने में दिलचस्पी भी दिखा रहे हैं। कई लोगों का कहना है …

अमृत विचार, बरेली। परंपरागत बकरों के बाजार से हटकर अब गोट फार्मिंग के बाजार में हाथ आजमाने वाले लोगों ने बकरों की बिक्री आनलाइन भी शुरू कर दी है। तमाम वेबसाइट पर हर नस्ल का बकरा आपको आनलाइन मिल जाएगा। लोग आनलाइन बकरा खरीदने में दिलचस्पी भी दिखा रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि उन्होंने अपना बकरा आनलाइन आर्डर कर दिया है। बकरीद से पहले वह उसकी डिलीवरी लेंगे। इस तरह कई दिन पहले बकरा घर लाने के झंझट से भी बचा जा सकता है। नस्ल के हिसाब से इन बकरों की कीमतें भी आनलाइन बाजार में अलग-अलग हैं।

दरअसल, ईद उल अजहा के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोग बढ़-चढ़कर बकरे की कुर्बानी करते हैं। इसके चलते हर साल गोट फार्मिंग करने वाले इस सीजन में खूब कमाई करते हैं। लंबे समय तक अलग-अलग किस्मों के बकरों की नस्ल तैयार की जाती हैं। आमतौर पर इन बकरों को कुर्बानी कराने वाले हर साल शहर के कुतुबखाना, बड़ा बाजार, कोहाड़ापीर, शहदाना रेलवे ग्राउंड, बारादरी थाने के सामने, मीरा की पैठ, चौपला, डेलापीर मंडी, फतेहगंज पश्चिमी, देवचरा, सीबीगंज आदि बाजारों से खरीदते हैं, लेकिन जो लोग इन बाजारों तक किन्ही कारणों से नहीं जा सकते उनके लिए बकरों का बाजार आनलाइन सजा है। इनमें दूसरे राज्यों से भी बकरे आनलाइन खरीदे जा सकते हैं। इसके अलावा शहर के कई पशु कारोबारी भी बकरों का आनलाइन व्यवसाय कर रहे हैं। बरेली के गोट फार्मर आकिब लतीफ ने बताया कि उन्होंने व्यवस्था की है कि लोग बकरे को बकरीद से ठीक पहले भी ले सकते हैं। आमतौर पर जिन नस्लों के बकरों की कुर्बानी दी जाती है लगभग सभी उनके पास मौजूद हैं।

इन नस्लों के बकरों की मांग है अधिक
बकरों की नस्लों की बात करें तो बरबरी, सिरोही, उस्मानाबादी, बीटल, जमुनापारी, देसी आदि बकरों की मांग सबसे अधिक रहती है। आनलाइन बकरा खरीदते समय आपको बकरे के वजन से लेकर वैक्सीनेशन तक की जानकारी दी जाएगी। बकरों की कीमत उनकी नस्ल और वजन के हिसाब से तय होती है। कई बार लोग बकरे की खूबसूरती देखकर भी उसे पसंद करते हैं। आमतौर पर आनलाइन 20 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये या उससे अधिक कीमत के बकरे उपलब्ध हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: ऐलन क्लब सब्जी मंडी के बाहर अवैध स्टैंड लगाकर उगाही कर रहे ठेकेदार, विरोध करने पर करते हैं मारपीट

संबंधित समाचार