बुलंदशहर : टैंकर से भिड़ी पिकअप, भीषण सड़क हादसे में 3 महिलाओं की दर्दनाक मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बुलंदशहर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 91 पर हुई एक सड़क दुर्घटना में 3 श्रमिक महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई तथा 8 अन्य घायल हो गये हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी …

बुलंदशहर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 91 पर हुई एक सड़क दुर्घटना में 3 श्रमिक महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई तथा 8 अन्य घायल हो गये हैं।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनायें प्रकट की है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज कराने के भी निर्देश दिये हैं।

पुलिस के अनुसार एक मालवाहक पिकअप गाड़ी खुर्जा से बुलंदशहर की ओर जा रही थी। इसमें श्रमिक महिलाएं भी सवार थीं। वाहन चालक तेज गति से खुर्जा से बुलंदशहर की ओर आ रहा था, तभी अनियंत्रित होकर वाहन सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से टकरा गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरु किया। इस दौरान जिला मुख्यालय से पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

दुर्घटननाग्रस्त पिकअप में फंसे सभी 9 महिला यात्रियों और चालक एवं परिचालक को निकाल कर घायल अवस्था में चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां 3 महिलाओं ने दम तोड़ दिया।

मृतक महिलाओं की शिनाख्त राजवती (40 वर्ष) पत्नी थान सिंह निवासी राधा नगर बुलंदशहर, मिथिलेश (45 वर्ष) पत्नी लाला निवासी रमपुरा बुलंदशहर और रमा (50 वर्ष) पत्नी चंद्रपाल निवासी हाइडल कॉलोनी बुलंदशहर के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बजरंगबली चौरसिया ने बताया कि घायलों में पिकअप का चालक और परिचालक भी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज चिकित्सालय में किया जा रहा है। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी है।

दुर्घटना की सूचना पर एडीएम प्रशासन डॉ प्रशांत कुमार भी जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

यह भी पढ़ें –अल्मोड़ा: बाड़ेछीना के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, ट्रक मालिक की मौत

संबंधित समाचार