लखीमपुर-खीरी: लापता दो दोस्तों की साइफन किनारे मिली बाइक और कपड़े

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सोमवार को शारदानगर टहलने के लिए गए दो दोस्त रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। देर शाम उनकी बाइक और कपड़े बैराज के समीप बने साइफन के पास बरामद हुए हैं। पुलिस और परिवार वालों ने नहाते समय डूबने की आशंका जताई है। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम स्थानीय गोताखोरों की …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सोमवार को शारदानगर टहलने के लिए गए दो दोस्त रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। देर शाम उनकी बाइक और कपड़े बैराज के समीप बने साइफन के पास बरामद हुए हैं। पुलिस और परिवार वालों ने नहाते समय डूबने की आशंका जताई है। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की पानी में तलाश कर रही है, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका है। युवकों के न मिलने से उनके परिवार में चीख पुकार मची है।

शहर के मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी पंकज गिरी का 20 वर्षीय पुत्र आर्यन उर्फ पारस गिरि व मोहल्ला शांति नगर निवासी घनश्याम मिश्रा का 22 वर्षीय पुत्र विवेक मिश्रा आपस में गहरे दोस्त हैं। दोनों सोमवार को शारदानगर टहलने जाने की बात घर वालों को बताकर दोपहर करीब 12 बजे बाइक से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। इस पर परिवार के लोग चिंतित होने लगे और तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

इस पर घनश्याम मिश्रा के परिवार वालों ने शारदा नगर में रहने वाले अपने रिश्तेदार रूप नारायण पांडेय को मोबाइल पर कॉल की और दोनों युवकों के घर वापस न पहुंचने की जानकारी दी। इस पर रात करीब नौ बजे रूप नारायण परिवार के अन्य लोगों के साथ युवकों की तलाश में निकले। तलाश के दौरान धौरहरा कोतवाली क्षेत्र में शारदा बैराज पर बने साइफन के किनारे विवेक मिश्रा की बाइक और दोनो के कपड़े पड़े मिले। इसकी जानकारी उन्होंने परिवार वालों को दी। सूचना पर परिवार में चीख पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो बाइक और कपड़े देख उनके होश उड़ गए। परिवार वालों ने बाइक और कपड़े मिलने की सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और परिवार वालों ने दोनों युवकों के नहाते समय डूबने की आशंका जताई है। रात अधिक होने के कारण पुलिस का सोमवार को सर्च अभियान नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम शारदानगर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों को भी बुलाकर बैराज में उतारा और तलाश कराई। एनडीआरएफ टीम मोटर बोट के जरिए बैराज में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका है।

युवक के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल
शहर के मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी आर्यन उर्फ पारस गिरि दो भाइयों में छोटा है। उसके बहन नहीं हैं। पिता पंकज गिरि एक शो रूम में नौकरी करते हैं। पूरा परिवार हंसी खुशी से रह रहा था। सोमवार की देर रात बाइक और कपड़े मिलने की खबर जब घर पहुंची तो दोनों के घर में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर हाल खराब है। घनश्याम मिश्रा के परिवार में भी चीख पुकार मची हुई है। आसपास के लोग बिलख रहे परिवार वालों को ढांढस बंधा रहे हैं।

मेडिकल स्टोर पर नौकरी करते थे दोनों दोस्त
सोमवार से शारदा नगर में लापता हुए मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी आर्यन उर्फ पारस गिरी और शांतिनगर निवासी विवेक मिश्रा काफी गहरे दोस्त थे। आर्यन के बडे भाई श्रेष्ठ गिरि ने बताया कि दोनों शहर की एक प्रतिष्ठित दवा की दुकान पर नौकरी करते थे और अपने परिवार का हाथ बंटाते थे। शहर में सोमवार को साप्ताहिक बंदी रहती है। इस वजह से दुकान बंद थी। इस पर दोनों घूमने के इरादे से एक ही बाइक से शारदानगर गए थे, लेकिन वह वापस नहीं लौटे।

घर में नहीं जले चूल्हे
जवान बेटों के लापता होने से दोनों घरों में मायूसी छाई हुई है। महिलाओं और परिवार के लोगों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आर्यन उर्फ पारस गिरि और विवेक मिश्रा के घर में मंगलवार की सुबह से चूल्हे तक नहीं जले हैं। परिवार के लोगों की आंखे लाड़लों की राह देखते-देखते पथरा सी गई हैं। आसपास के लोग इस घटना से काफी आहत है।

दोनों युवकों के बैराज में डूबने की आशंका है। एनडीआरएफ टीम के साथ गोताखोरों को भी बैराज के पानी में उतारा गया है। दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। अभी कोई पता नहीं चल सका है।- डीपी शुक्ल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली धौरहरा।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: शहर का सट्टा किंग और उसका भतीजा गैंगस्टर मामले में गिरफ्तार

 

संबंधित समाचार