मुरादाबाद: फौजी को नाबालिग बेटी से मिलाएगी सीडब्ल्यूसी
मुरादाबाद, अमृत विचार। नाबालिग बेटी पाने की चाह में दर-दर की ठोकरें खा रहे फौजी व उसकी पत्नी को न्याय दिलाने के लिए बाल कल्याण समिति मुरादाबाद ने कमर कस ली है। संयुक्त निदेशक अभियोजन की सलाह पर सीडब्ल्यूसी अमरोहा के उस दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रही है, जिन पर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। नाबालिग बेटी पाने की चाह में दर-दर की ठोकरें खा रहे फौजी व उसकी पत्नी को न्याय दिलाने के लिए बाल कल्याण समिति मुरादाबाद ने कमर कस ली है। संयुक्त निदेशक अभियोजन की सलाह पर सीडब्ल्यूसी अमरोहा के उस दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रही है, जिन पर न्यायपीठ के पूर्व के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप है। चौथी बार सो काल नोटिस जारी करने के बाद भी यदि आरोपी दंपति न्यायपीठ के समक्ष पेश नहीं हुए तो उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज होगा।
महानगर में मझोला थाना क्षेत्र के रहने वाले फौजी की नाबालिग बेटी बीते कई वर्षों से उसके साढू़ के घर है। बेटी को दोबारा पाने की चाह में एक माह पहले फौजी की पत्नी ने बाल कल्याण समिति का दरवाजा खटखटाया। आप बीती बताते हुए महिला ने कहा कि बड़ी बहन व बहनोई ने छल पूर्वक उसकी बड़ी बेटी को हथिया लिया है। वर्षों तक पालन-पोषण के कारण नाबालिग मौसा-मौसी के मोह में फंस गई है। उस पर दबाव डालकर आरोपी मनमाफिक बयान देने पर मजबूर कर रहे हैं। खुद को नाबालिग का जैविक मां-बाप बताते हुए दंपति ने बेटी वापस दिलाने की मांग की। बाल कल्याण समिति ने नोटिस जारी करते हुए पहले नौ, फिर 13 और अंत में 25 जून को न्यायपीठ के समक्ष पेश होने का आदेश गजरौला में रहने वाले आरोपी दंपति को दिया। न्यायपीठ के आदेशों को नजर अंदाज करते हुए दंपति दूसरे खेल में उलझ गए। अमरोहा बाल कल्याण समिति के एक सदस्य की मदद से नाबालिग को कानूनी रूप से हथियाने का तानाबाना बुनने लगे। हालांकि प्रकरण की गंभीरता भांप उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने सिलसिलेवार दो आदेश जारी किया।
आयोग का आदेश ठंडे बस्ते में
मुरादाबाद व अमरोहा के डीएम को पत्र भेजकर नाबालिग को उसके मां-बाप के सुपुर्द करने को कहा गया। आयोग का आदेश ठंडे बस्ते में है। दोनों जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले में कोई रुचि ही नहीं ली। इधर, मुरादाबाद की बाल कल्याण समिति ने प्रकरण में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए संयुक्त निदेशक अभियोजन से विधिक राय मांगी। अभियोजन ने अमरोहा के आरोपी दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की सलाह सीडब्ल्यूसी को दी है।
आरोपी दंपति को अंतिम नोटिस भेजे जाने की तैयारी है। बुधवार को नोटिस जारी कर दिया जाएगा। यदि तय तिथि पर नाबालिग संग आरोपी दंपति न्यायपीठ के समक्ष पेश नहीं हुए तो उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। -हरिमोहन गुप्ता, सदस्य सीडब्ल्यूसी मुरादाबाद
ये भी पढ़ें:- रामपुर : कोर्ट पहुंचे आजम खान का छलका दर्द, बोले- ED-ABCD जो भी बुलाएगा हम जाएंगे
