बरेली: संचारी रोग अभियान के बीच जिला अस्पताल में मच्छरों का डेरा
अमृत विचार, बरेली। जिले में व्यापक रूप से विशेष संचारी रोग अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले भर में घर-घर जाकर लोगों को मलेरिया और डेंगू के बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं, लेकिन खुद जिला अस्पताल में मच्छरों का डेरा है और उच्चाधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं …
अमृत विचार, बरेली। जिले में व्यापक रूप से विशेष संचारी रोग अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले भर में घर-घर जाकर लोगों को मलेरिया और डेंगू के बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं, लेकिन खुद जिला अस्पताल में मच्छरों का डेरा है और उच्चाधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। कई वार्डों के बाहर कई दिनों से गंदा पानी भरा हुआ है, लेकिन इस ओर से किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।
जिला अस्पताल परिसर में बच्चा वार्ड के मुख्य द्वार पर ही कई दिनों से गंदा पानी भरा है और इसमें मच्छरों का लार्वा पनप रहा है। पैथोलॉजी लैब के बाहर भी गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। ऐसे में ये मच्छर इन मरीजों को काटेंगे तो उन पर अन्य बीमारियों के साथ मलेरिया से ग्रसित होने का भी खतरा है। वार्डों के बाहर हो रहे जलभराव पर प्रबंधन का तर्क है कि बीते कई वर्षों से सीवर लाइन चोक होने के चलते गंदा पानी भरा रहता है। कई बार शासन को पत्र भी भेजा गया है, लेकिन लाइन को दुरुस्त नहीं कराया गया है। हालांकि मरीजों की सुविधा के चलते रोजाना सफाई कराई जाती है, लेकिन दोबारा पानी भर जाता है।
डॉ. मेघ सिंह, अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल-
जिन वार्डों के बाहर पानी भरा है इसको साफ कराया जाएगा। हालांकि रोजाना पूरे अस्पताल की सफाई होती है। सीवर लाइन चोक होने के कारण जलभराव होता है, कई बार शासन को दुरुस्त कराने को पत्र भी भेजा है।
ये भी पढ़ें- बरेली: अज्ञात वाहन ने कार को मारी टक्कर, दो की मौत, तीन घायल
