लखनऊ : बदल सकती है बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन की तारीख, पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में विकास के मामले में पिछड़ेपन के शिकार रहे बुंदेलखंड क्षेत्र को राज्य की योगी सरकार ने तरक्की के एक्सप्रेस वे की सौगात देने का दावा करते हुए कहा है कि 16 जुलाई को इस एक्सप्रेस वे के संभावित उद्घाटन के बाद इस इलाके में विकास की रफ्तार दोहरी हो …
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में विकास के मामले में पिछड़ेपन के शिकार रहे बुंदेलखंड क्षेत्र को राज्य की योगी सरकार ने तरक्की के एक्सप्रेस वे की सौगात देने का दावा करते हुए कहा है कि 16 जुलाई को इस एक्सप्रेस वे के संभावित उद्घाटन के बाद इस इलाके में विकास की रफ्तार दोहरी हो जायेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आने वाली 16 जुलाई को राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रदेश को एक और एक्सप्रेस-वे की सौगात देते हुए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कर सकते हैं।
गौरतलब है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पहले पीएम मोदी द्वारा उद्घाटन की तिथि 12 जुलाई तय की गयी थी। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि बुधवार को इस एक्सप्रेस वे के उद्घाटन की संभावित तिथि 16 जुलाई तय की गयी है। इस बाबत तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
राज्य सरकार की ओर से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार बुंदेलखंड एक्सप्रेस -वे के मार्ग पर पड़ने वाले जालौन जिले के कैथेरी गांव में इस एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण प्रधानमंत्री के कर कमलों से होगा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस -वे 28 महीने में बनकर तैयार हुआ है। चार लेन वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का भविष्य में 6 लेन तक विस्तार हो सकता है।
यह एक्सप्रेस वे प्रदेश के चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, औरैया और इटावा जिलों से होकर गुजरेगा। एक्सप्रेस-वे पर प्रवेश और निकासी के लिए कुल 13 स्थानों पर इंटरचेंज की सुविधा है। इसके आसपास सर्विस रोड का भी निर्माण किया जा रहा है। इसमें ट्रैफिक सुरक्षा के लिए एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है।
यह भी पढ़ें –इटावा: बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्य का अवनीश अवस्थी ने किया निरीक्षण, दिये निर्देश
