मुरादाबाद: मोबाइल फोन लूटने वाले बाइकर्स गैंग का भंडाफोड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर की सड़कों पर राहगीरों से दिनदहाड़े मोबाइल फोन लूट कर फरार होने वाले बाइकर्स गैंग का गुरुवार को पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पुलिस ने हत्थे चढ़े चार आरोपियों के कब्जे से लूट के तीन कीमती मोबाइल फोन बरामद किए। वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त होने वाली बाइक भी पुलिस के …

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर की सड़कों पर राहगीरों से दिनदहाड़े मोबाइल फोन लूट कर फरार होने वाले बाइकर्स गैंग का गुरुवार को पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पुलिस ने हत्थे चढ़े चार आरोपियों के कब्जे से लूट के तीन कीमती मोबाइल फोन बरामद किए। वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त होने वाली बाइक भी पुलिस के कब्जे में है। एक सप्ताह के भीतर राहगीरों में आतंक का पर्याय बने गिरोह के सभी सदस्य जेल भेज दिए गए।

  • छह दिन में तीन कीमती मोबाइल फोन लूट कर गैंग ने मचाई खलबली, चार गिरफ्तार
  • लूट की योजना बनाते सिविल लाइंस पुलिस के हत्थे चढ़े चारों दोस्त

सिविल लाइंस सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि हाल ही के दिनों में बीते 29 जून को दिनदहाड़े सरेराह मोबाइल फोन लूटे जाने की पहली घटना दीनदयाल नगर रोड से प्रकाश में आई। रामगंगा विहार की रहने वाली वृंदा सक्सेना से एमआईटी तिराहे पर बाइकर्स गैंग के दो सदस्यों ने मोबाइल फोन लूट लिया। मोबाइल लूट की दूसरी घटना नवीन नगर निवासी रीना पत्नी बबलू कश्यप के साथ हुई। बदमाशों ने रामगंगा विहार स्थित स्टेडियम के समीप उनका मोबाइल फोन लूट लिया। तीसरी वारदात आशियाना फेज दो में अंजाम दी गई। सरेराह बाइकर्स गैंग के सदस्यों ने ऋद्धि सक्सेना का मोबाइल फोन लूट लिया। तीनों ही पीड़ितों ने तहरीर देकर लूट की सूचना पुलिस को दी थी। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ लूट व चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी थी।

मोबाइल फोन लूट की तीनों घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकारी
सीओ सिविल लाइंस के मुताबिक महानगर के खास क्षेत्र में मोबाइल फोन लूट की लगातार बढ़ रही घटनाओं की तह तक जाने में थाना प्रभारी सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह के अलावा पूरी टीम लगाई गई। गुरुवार को मुखबिर से पता चला कि बाइक सवार कुछ युवक सीएल गुप्ता फर्म रामगंगा विहार के आसपास घूम रहे हैं। पुलिस ने चारों संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में नया गांव के रहने वाले संजय सागर, सचिन, अंकित उर्फ जंगली व मुकेश उर्फ तौफिक के रूप में हुई। बीते छह दिनों के भीतर हुई मोबाइल फोन लूट की तीन घटनाओं में शामिल होने की बात चारों ने स्वीकारी। पूछताछ में पता चला कि वृंदा सक्सेना का मोबाइल फोन संजय व सचिन ने लूटा था। मुकेश व अंकित उर्फ जंगली ने रेकी की थी। चार जुलाई को स्टेडियम के समीप रीना से मोबाइल फोन लूटने में सचिन व मोहित शामिल रहे। इसकी रेकी संजय व अंकित उर्फ जंगली ने थी। ऋद्धि सक्सेना का मोबाइल फोन लूटने में संजय व अंकित उर्फ जंगली शामिल रहे। जबकि रेकी सचिन व मुकेश ने की।

नशीले पदार्थ की खरीदारी के लिए बने मोबाइल लुटेरे
संजय को गिरोह का सरगना बताते हुए सीओ ने कहा कि पूर्व में भी उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चारों आरोपी नशे के आदी हैं। नशीले पदार्थ की खरीदारी के लिए उन्होंने सरेराह मोबाइल फोन लूटे जाने की वारदात अंजाम देना शुरू कर दिया। चारों आरोपियों को कोर्ट ने जेल भेज दिया। वारदात में प्रयुक्त बाइक व लूटा गये तीन मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।

ये भी पढ़ें:- रायबरेली: बिस्कुट व्यवसाई के घर का ताला तोड़कर की दस लाख की चोरी

संबंधित समाचार