बरेली: बाढ़ से निपटने को पूरे करें इंतजाम- रामकेश निषाद
बरेली, अमृत विचार। मानसून सक्रिय होने से पहले जिले में बाढ़ से रोकथाम के लिए किए जा रहे इंतजाम पूरे कर लिए जाएं। जल्द ही कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए, अगर कोई व्यक्ति सूचना देता है तो तत्काल समस्या का निस्तारण कराया जा सके। जिम्मेदार अधिकारी बाढ़ प्रभावित इलाकों में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को …
बरेली, अमृत विचार। मानसून सक्रिय होने से पहले जिले में बाढ़ से रोकथाम के लिए किए जा रहे इंतजाम पूरे कर लिए जाएं। जल्द ही कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए, अगर कोई व्यक्ति सूचना देता है तो तत्काल समस्या का निस्तारण कराया जा सके। जिम्मेदार अधिकारी बाढ़ प्रभावित इलाकों में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अभी दुरुस्त कराएं। यह बातें गुरुवार को जलशक्ति विभाग के राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहीं।
जलशक्ति मंत्री ने समीक्षा बैठक में कहा कि बाढ़ रोकथाम के सभी इंतजाम जल्द पूरे कर लिए जाएं। बाढ़ चौकियों को एक्टिव करने की प्रक्रिया समय से शुरू कर दिया जाए। मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बाढ़ आशंकित क्षेत्र के बारे में जानकारी ली। बाढ़ रोकने के लिए किए जा रहे इंतजामों की प्रगति के बारे में भी पूछताछ की। उन्होंने अधिकारियों से फोटो और वीडियो तक मंगाए। समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता ने बताया कि बरेली में करीब 250 गांवों में बाढ़ का खतरा है।
सिंचाई विभाग की ओर से चार गांवों में बाढ़ अवरोधक योजना के तहत काम कराया जा रहा है। जल शक्ति मंत्री ने बरेली की सभी बाढ़ चौकियों पर तैनात होने वाले कर्मचारियों के नाम फाइनल करने को कहा। साथ ही स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग को जरूरी दवाईयों का समय पर इंतजाम करने को कहा। उधर, मंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत गांवों में ओवरहेड टैंक से पानी की आपूर्ति करने की योजना पर तेजी से काम किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित समय में हर घर तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- बरेली: मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत महोत्सव के तहत बाइक रैली को किया रवाना
