पीलीभीत: कोटेदार ने की राशन की घटतौली, वीडियो वायरल
पीलीभीत/ गजरौला, अमृत विचार। सरकारी राशन की कालाबाजारी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक तरफ सरकार जरुरतमंदों को निशुल्क राशन मुहैया कराने में जुटी है। वहीं, कोटेदार गरीबों का हक हजम करने से भी बाज नहीं आ रहे है। इसकी बानगी एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए उजागर हो गई। …
पीलीभीत/ गजरौला, अमृत विचार। सरकारी राशन की कालाबाजारी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक तरफ सरकार जरुरतमंदों को निशुल्क राशन मुहैया कराने में जुटी है। वहीं, कोटेदार गरीबों का हक हजम करने से भी बाज नहीं आ रहे है। इसकी बानगी एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए उजागर हो गई।
एक कोटेदार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें ग्रामीण राशन की घटतौली पर नाराजगी जता रहे हैं, लेकिन कोटेदार उन्हें धमकाकर चुप कराने में जुटा है। यह मामला हर तरफ चर्चा का विषय बना है। वहीं, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की है।
मामला गजरौला थाना क्षेत्र के अजीतपुर पटपुरा गांव का बताया गया है। सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। जिसमें कुछ लोग राशन की तौल कर रहे कथित कोटेदार से भिड़ रहे हैं। उनका कहना है कि सरकारी राशन में एक किलो की घटतौली और चीनी भी शासन की मंशा के तहत कोटेदार नहीं दे रहा। इसे लेकर खासा नाराजगी जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने जब सवाल उठाए तो कोटेदार गलती स्वीकारने के बजाए उल्टा धमकी देता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसे लेकर एक शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार हर राशन कार्ड पर एक किलो राशन कम दे रहा है। पहले भी उस पर घटतौली के आरोप लगते आए हैं।
गरीबों का हक छीन रहे कोटेदार पर ग्रामीणों ने सख्त कार्रवाई की मांग की। एक युवक ने तो राशन ही लेने से इनकार कर दिया। गांव के ही भानू प्रताप का कहना है कि उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई है। कोटेदार पर कार्रवाई होनी चाहिए।
