पीलीभीत: शाहजी मियां मेले में गुंडई, दबंगों ने बदायूं के व्यापारी को पीटा
पीलीभीत, अमृत विचार। दो दिन पहले ही शाहजी मियां मेले में लगी दुकानों से दबंगों द्वारा अवैध वसूली करने की शिकायत ट्विटर पर की गई थी, जिसमें पुलिस पर भी आरोप लगाए जाने पर मामला आसानी से दबा दिया गया था। नतीजतन दबंगों के हौसले बुलंद हुए और फ्री में सामान न देने पर बदायूं …
पीलीभीत, अमृत विचार। दो दिन पहले ही शाहजी मियां मेले में लगी दुकानों से दबंगों द्वारा अवैध वसूली करने की शिकायत ट्विटर पर की गई थी, जिसमें पुलिस पर भी आरोप लगाए जाने पर मामला आसानी से दबा दिया गया था। नतीजतन दबंगों के हौसले बुलंद हुए और फ्री में सामान न देने पर बदायूं के व्यापारी की पिटाई कर दी गई। दबंगों ने उन्हें बुरी तरह से मारा पीटा। दुकान का सामान सड़क पर फेंक दिए। गर्म तेल की छींटे गिरने से मेले घूमने आए कई अन्य लोग भी झुलस गए। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में व्यापारी से मिली तहरीर पर चार हमलावरों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की है।
शहर के मोहल्ला शेर मोहम्मद में शाहजी मियां का उर्स हाल ही में संपन्न हुआ है। इसका मेला अभी चल रहा है। इस मेले में दूर दराज से व्यापारी दुकान लगाने आए हुए हैं। इसी क्रम में बदायूं जिले के मोहल्ला सराय फकीर के निवासी मसीत अहमद ने भी यहां पर हल्वा-पराठा की दुकान लगाई है। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से कुछ दबंग उनकी दुकान पर आकर हल्वा-पराठा खाते थे। उसके बाद जब रुपये मांगे जाएं तो वह धमकाना शुरू कर देते थे। रोज की तरह रविवार रात करीब साढ़े दस बजे दुकान पर थे।
इसी बीच मोहल्ला मुनीर खां निवासी तहसीन पुत्र यासीन, कासिफ पुत्र यासीन, मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी उल्लन, मोहल्ला मोहम्मद वासिल निवासी नाजिम नूर पुत्र नवी शेर आए। सभी ने हल्वा पराठा खाया। जैसे ही उनसे रुपये मांगे गए तो वह हमलावर हो गए। दुकान में रखे सामान को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। गर्म तेल भी कढ़ाई से फेंका, जिसमें कई राहगीर भी चपेट में आ गए। फिर आरापियों ने मारपीट की। शोर सुनकर जमा हुए लोगों ने किसी तरह बचाया। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी करने के बाद घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
शाहजी मियां मेले में हुई इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ। जिसके बाद पुलिस की फजीहत होती रही। दरअसल, सुरक्षा के लिहाज से मेला चौकी भी बनाई गई थी। उसके बावजूद घटना को अंजाम देने वाले दबंग बेफ्रिक थे।
फ्री में सामान लेने को लेकर विवाद हुआ था। रंगदारी का मामला नहीं है। दुकानदार से मिली तहरीर पर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।-सुनील दत्त, सीओ सिटी
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: कोरोना हो रहा बेकाबू, सात महिलाओं समेत आठ पॉजिटिव
