मुरादाबाद: बुलेट के शोरूम से सात लाख की नकदी चोरी
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कांठ रोड स्थित बुलेट के शोरूम का ताला तोड़कर रविवार की रात चोर सात लाख रुपये और दो मोबाइल फोन चुराकर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर फाेरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए। वारदात सीसीटीवी कैद हो गई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कांठ रोड स्थित बुलेट के शोरूम का ताला तोड़कर रविवार की रात चोर सात लाख रुपये और दो मोबाइल फोन चुराकर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर फाेरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए। वारदात सीसीटीवी कैद हो गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कोठीवाल नगर निवासी अंकित मिगलानी का सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पीलीकोठी चौराहे के पास कांठ रोड पर बुलेट मोटर साइकिल (एन्फील्ड) का शोरूम है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे शोरूम पर पहुंचे और काउंटर चेक किया तो उसमें रखे सात लाख रुपये गायब थे। उनके अनुसार चोर जीने के पास स्थित शोरूम के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे का वायर भी काट दिया था। इसलिए डीवीआर में भी कुछ नहीं मिला। उन्होंने इसकी सूचना सिविल लाइंस पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी और एसएचओ सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह ने मौका मुआयना किया। शोरूम संचालक ने पुलिस को बताया कि शोरूम का मेन गेट बंद था। वहां सुरक्षा गार्ड भी रहता है। आशंका जताई जा रही है कि चोरी करने वाला व्यक्ति पहले से ही बिल्डिंग में घुस कर बैठा था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की। इन्हीं में से एक कैमरे में चोर की करतूत कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश में जुटी है। शोरूम संचालक की तहरीर के पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
ऑनलाइन कैमरे में कैद हुई चोर की करतूत
अंकित मिगलानी ने शोरूम में एक सीसीटीवी कैमरा ऐसा भी लगवाया है, जो उनके मोबाइल फोन से ऑनलाइन अटैच है। कहीं से भी शोरूम में चल रही गतिविधियों को देखने के लिए उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ऑनलाइन अपने मोबाइल में ले रखी है।
घर के भेदी ने ही दिया घटना को अंजाम
शोरूम में जिस तरह चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है उससे साफ है कि इसमें किसी घर के भेदी का ही हाथ है। चोरी करने वाले को शोरूम की भौगोलिक स्थिति के बारे में पूरी जानकारी दी। शोरूम का मेन गेट शीशे का है, जिसके बाहर हमेशा गार्ड तैनात रहता है। रात में भी वह तैनात था। इसके अलावा शीशे का गेट लॉक था और गेट का शीशा भी नहीं टूटा है। इससे साफ है कि चोर मेन गेट से शोरूम में नहीं घुसा। पुलिस शोरूम में काम करने वालों से भी इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: खेत में खाद डाल रहे किसान की करंट से मौत
