मुरादाबाद : टांग में गोली मारने की धमकी देकर थानेदार ने वसूले 80 हजार रुपये
मुरादाबाद,अमृत विचार। अपने मानवीय चेहरे का प्रचार-प्रसार करने वाली पुलिस की पर्दे के पीछे की कारगुजारियां लाख प्रयास के बाद भी छिपती नहीं हैं। ऐसा ही एक किस्सा जिले के एक खास थाना क्षेत्र की सुर्खियों में है। 25 दिन पहले एक दारोगाजी ने थाने में तहरीर दी। बताया कि हमराहियों के साथ गश्त कर …
मुरादाबाद,अमृत विचार। अपने मानवीय चेहरे का प्रचार-प्रसार करने वाली पुलिस की पर्दे के पीछे की कारगुजारियां लाख प्रयास के बाद भी छिपती नहीं हैं। ऐसा ही एक किस्सा जिले के एक खास थाना क्षेत्र की सुर्खियों में है। 25 दिन पहले एक दारोगाजी ने थाने में तहरीर दी। बताया कि हमराहियों के साथ गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर खास ने उन्हें एक विशेष चौकी क्षेत्र के एक घर में गोकशी होने की सूचना दी। बगैर देर दारोगाजी दलबल के साथ सरकारी जीप से मौके पर आ धमके।
सगे भाइयों के घर छापेमारी कर दारोगाजी ने मौके से आरोपियों के चाचा को भी दबोच लिया। छापेमारी से पहले दारोगाजी व उनके हमराह एक-दूसरे की तलाशी भी ले चुके थे। पाकसाफ दारोगाजी व उनकी टीम ने घर में घुसकर सगे भाइयों व उनके चाचा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के हाथ में खून लगी कुल्हाड़ी, मांस की थैलियां आदि बरामद की। समुदाय विशेष से सरोकार रखने वाले गोकशी के तीन आरोपियों ने दारोगाजी के सामने जो राजफाश किया, वह सोने की अंडे देने वाली मुर्गी बन गई।
हाफ एनकाउंटर की धमकी युवक को दे रहा था सिपाही
तीनों आरोपियों पर गोकशी व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दारोगाजी ने मुकदमा दर्ज कराया। तीनों जेल भेज दिए गए। इसके बाद पुलिस का असली खेल शुरू हुआ। पुलिस उस हिंदू युवक के दरवाजे पर पहुंची, जिस पर गोवंश कसाइयों के हाथ बेचने का आरोप है। उसे पूछताछ के बहाने थाने लगाया गया। यहां लगातार चार दिनों तक युवक से सिपाही बार-बार पूछता कि बताओ किस पैर में गोली मारनी है। यानी कि गोकशी के आरोपी को हाफ एनकाउंटर की धमकी दी गई।
रकम की वसूली होने के बाद कोर्ट में किया गया पेश
ग्रामीणों की मानें तो एनकाउंटर की दहशत बना युवक से चार दिनों में 80 हजार रुपये की वसूली की गई। रकम वसूलने के बाद उसको कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि ऐसे आरोपों का कोई ठोस साक्ष्य व सबूत नहीं है। थाने के सीसीटीवी कैमरे भी साक्ष्य भूलने की कगार पर होंगे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: बुलेट के शोरूम से सात लाख की नकदी चोरी
