गोरखपुर को सीएम योगी ने दी 464 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात, कहा- नीयत साफ हो तो मिलता है विधाता का भी साथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास परियोजनाओं का लाभ हर तबके को, गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी पात्र लोगों को लेकिन कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं। केंद्र व प्रदेश की सरकार इन्हीं संकल्पों के साथ विकास के माध्यम से हरेक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने …

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास परियोजनाओं का लाभ हर तबके को, गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी पात्र लोगों को लेकिन कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं। केंद्र व प्रदेश की सरकार इन्हीं संकल्पों के साथ विकास के माध्यम से हरेक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का हर संभव प्रयास कर रही है। इसका परिणाम भी सबके सामने है। सरकार के इन संकल्पों के साथ लोगों के नियमित और संयमित जीवन से यूपी के प्रति परसेप्शन (धारणा) बदला है।

सीएम योगी गुरु पूर्णिमा के एक दिन पूर्व मंगलवार दोपहर बाद जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों को करीब 464 करोड़ रुपये की लागत से आच्छादित करने वाली 208 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। गोरखपुर क्लब में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नीयत साफ हो तो विधाता भी सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाते हैं। आज उत्तर प्रदेश एक नए उत्तर प्रदेश के रूप में सबके सामने है। यह वही प्रदेश है जहां 2017 के पहले आए दिन दंगे होते थे। आज यहां दंगे नहीं होते। सड़कों पर धार्मिक कार्यक्रम भी नहीं होते हैं।

वास्तव में कानून का सम्मान ही हमें संविधान के प्रति आग्रही बनाता है और जब संविधान का सम्मान होता है तो वह संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान का प्रतीक बनता है। सीएम ने कहा कि जहां छोटी-छोटी बातों पर दंगे होते थे, वहीं अब सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाती, कुर्बानी को लेकर दंगे नहीं होते। सभी धार्मिक स्थलों से तेज आवाज वाले लाउड स्पीकर उतार दिए गए। सरकार ने यह तय किया है कि लाउडस्पीकर की आवाज धार्मिक स्थल के परिसर तक ही होनी चाहिए। तेज आवाज से आसपास रहने वाले बुजुर्ग, मरीज को दिक्कत हो सकती है और लोक स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी तेज आवाज में लाउडस्पीकर बज रहे हों नागरिक उसकी सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय को दे सकते हैं।

यूपी में कानून, निवेश और रोजगार का संगम

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, निवेश और रोजगार का संगम बन गया है। कानून व्यवस्था मजबूत होने से निवेश की अपार संभावनाएं आगे बढ़ी हैं और उन निवेश की संभावनाओं से रोजगार और नौकरी के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को सरकार के सौ दिन पूरे हुए और उसके पहले 3 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में प्रदेश में 80000 करोड़ रुपये से अधिक की निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया। इससे 5 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और 20 लाख लोगों को परोक्ष रोजगार का मार्ग प्रशस्त हुआ। आज उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था है। यहां नौजवानों के लिए रोजगार है तो किसानों का सम्मान। विकास के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की परियोजनाएं हैं तो गरीबों के लिए अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं।

2017 से सीएम योगी के नेतृत्व में योजनाओं की बारिश : रविकिशन

इस अवसर पर गोरखपुर के सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 से गोरखपुर समेत पूरे प्रदेश पर विकास योजनाओं की बारिश हो रही है। गोरखपुर में तो अभूतपूर्व व अकल्पनीय विकास हुआ है। यहां रामगढ़ताल फिल्मों की शूटिंग के लिए पसंदीदा स्थान बन चुका है। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं । आज गोरखपुर के विकास की चर्चा पूरे देश में है। स्वागत संबोधन गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह व आभार ज्ञापन महापौर सीताराम जायसवाल ने किया। लोकार्पण व शिलान्यास समारोह में बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना सिंह, विधायकगण श्रीराम चौहान, महेन्द्रपाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, सरवन निषाद, डॉ विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

181 विकास कार्यों का लोकार्पण व 27 का शिलान्यास किया सीएम ने

मुख्यमंत्री ने 298 करोड़ 81 लाख 72 हजार रुपये से अधिक की लागत वाली 181 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व 164 करोड़ 77 लाख 95 हजार रुपये से होने वाले 27 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में बांसगांव-उरुवा मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, मानीराम- बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण,गुलरिहा-रामनगर मार्ग मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, पीपीगंज-अकटहवा-कल्याणपुर-नवापार मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, रोहिन नदी के बाएं तट पर बनरहा तटबंध का सुदृढ़ीकरण व उच्चीकरण, वसुंधरा मोड़ से तुर्रा नाले तक आरसीसी नाले का निर्माण कार्य शामिल है। जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ उनमें बाढ़ बचाव व सड़क निर्माण की परियोजनाएं शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:-रामपुर में करंट लगने से तीन मृतकों के परिजनों को मिलेगा चार लाख हर्जाना : सीएम योगी

संबंधित समाचार