लखीमपुर-खीरी: पीएसी के बेड़े में शामिल हुए 148 जवान, अपराधियों से लेंगे मोर्चा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। मंगलवार को पुलिस लाइन में हुई दीक्षांत परेड के बाद यूपी पीएसी को 148 जवान मिल गए। ये सभी जवान 14 जनवरी से पुलिस लाइन लखीमपुर में प्रशिक्षण ले रहे थे। पासिंग आउट परेड के दौरान मुख्य अतिथि एसपी संजीव सुमन ने जवानों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। पासिंग लाइन पार करते …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। मंगलवार को पुलिस लाइन में हुई दीक्षांत परेड के बाद यूपी पीएसी को 148 जवान मिल गए। ये सभी जवान 14 जनवरी से पुलिस लाइन लखीमपुर में प्रशिक्षण ले रहे थे। पासिंग आउट परेड के दौरान मुख्य अतिथि एसपी संजीव सुमन ने जवानों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। पासिंग लाइन पार करते ही रिक्रूट सिपाही बन गए। परेड और प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों को एसपी व एएसपी ने प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। राजेश प्रताप को सर्वश्रेष्ठ आरक्षी घोषित किया गया।

पुलिस लाइन में जवानों का दीक्षांत परेड समारोह रखा गया। मुख्य अतिथि एसपी संजीव सुमन ने मान प्रणाम लेते हुए हुए जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इससे पहले एसपी ने परेड का निरीक्षण किया। जवानों को एसपी संजीव सुमन ने कहा कि प्रशिक्षण में बहुत कुछ सिखाया और बताया गया है। आप सभी के कंधों पर कानून के पालन और समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। अनुशासन में रहकर कर्तव्य निष्ठा से काम कर सभी को समाज की सेवा करनी है।

परेड के दौरान जवानों ने एसपी को मान प्रणाम देते हुए पासिंग लाइन को पार किया। पासिंग लाइन पार करते ही सभी जवान खुशी से उछल पड़े। सभी के चेहरे पर नौकरी पाने की खुशी साफ झलक रही थी। लाइन पार करते ही यूपी पीएसी को 148 जवान मिल गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक शिव नारायण, सीओ सिटी समेत कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोग दीक्षांत परेड के गवाह बने।

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 20 आरक्षी पुरस्कृत
पुलिस लाइन में रिक्रूट पीएसी आरक्षियों का छह माह का प्रशिक्षण सकुशल सम्पन्न हुआ। इंडोर व आउटडोर परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 20 आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर एसपी व एएसपी ने उत्साहवर्धन किया। अन्तः विषयों में रिक्रूट आरक्षी मनित कुमार व मोहम्मद राहील को संयुक्त रूप से प्रथम, बाह्य विषयों में रिक्रूट आरक्षी राजेश प्रताप, साक्षात्कार में रिक्रूट आरक्षी वकार यूनुस ने सर्वाधिक अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रिक्रूट आरक्षी राजेश प्रताप ने संपूर्ण योग में सर्वाधिक अंक लाकर सर्वाेत्तम का पुरस्कार प्राप्त किया।

मुरादाबाद भेजे गए जांबाज जवान
आरआई शिव नारायण ने बताया कि मुरादाबाद से 150 रिक्रूट प्रशिक्षण के लिए लखीमपुर खीरी भेजे गए थे। जिनमें से दो रिक्रूट विभिन्न कारणों से वापस चले गए। 148 रिक्रूटों को प्रशिक्षण दिया गया। मंगलवार को ये सभी रिक्रूट पासिंग आउट परेड के बाद आरक्षी बन गए। इन सभी जवानों को वापस मुरादाबाद के लिए भेजा जा रहा है। जहां से उनकी प्रदेश के अन्य स्थानों पर तैनाती दी जाएगी।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: सोने-चांदी के व्यापारी ने खुद को गोली से उड़ाया, लेनदेन को लेकर था परेशान

 

संबंधित समाचार