गोंडा: समीक्षा बैठक में बोले डीएम- सड़क की गुणवत्ता में मिली खराबी तो अफसरों पर दर्ज होगी एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। सड़कों की मरम्मत के नाम पर चल रहे खेल पर डीएम डॉ. उज्जवल कुमार ने सख्त रुख अख्तियार किया है। डीएम ने दो टूक कहा है कि सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता का पालन नहीं किया जा रहा है। इसकी शिकायत लगातार उन्हे मिल रही है। ऐसे में जो जिम्मेदार अफसर हैं वह सुधर …

गोंडा। सड़कों की मरम्मत के नाम पर चल रहे खेल पर डीएम डॉ. उज्जवल कुमार ने सख्त रुख अख्तियार किया है। डीएम ने दो टूक कहा है कि सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता का पालन नहीं किया जा रहा है। इसकी शिकायत लगातार उन्हे मिल रही है। ऐसे में जो जिम्मेदार अफसर हैं वह सुधर जाएं और खुद मौके पर पहुंचकर इन सड़कों की गुणवत्ता को परख लें। यदि कहीं खामी मिली तो फिर संबंधित अफसर के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जायेगी।

डीएम ने अनुरक्षण वाली सड़कों का ब्यौरा भी अफसरों से मांगा है और कहा है कि वह खुद मौके पर जाकर इन सड़कों का सत्यापन करेंगे। जिलाधिकारी डॉ उज्जवल कुमार मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में डीएम पूरे तेवर में नजर आए। सड़कों की मरम्मत के मुद्दे पर डीएम ने कहा कि लगातार इस बात की शिकायत मिल रही है कि मानक विहीन तरीके से सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है। मरम्मत के नाम पर हो रहे खेल से वो पूरी तरह वाकिफ हैं।

इसलिए संबंधित अफसर सुधर जाएं और मौके पर जाकर सड़कों की गुणवत्ता को खुद जांच लें क्योंकि वह जल्द ही इनका सत्यापन करेंगे। अगर सत्यापन में खामी मिली तो सीधे संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बैठक में डीएम ने अनुरक्षण की सड़कों का ब्यौरा भी तलब किया है। समीक्षा बैठक में डीएम ने मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यों को समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि वन टांगिया गांवों में आवास, विद्युत, सड़क व पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से हर लाभार्थी को संतृप्त किया जाए।

निराश्रित गोवंशों की समीक्षा में दौरान डीएम ने मानक अनुरूप गोवंश संरक्षित कराए जाने एवं निराश्रित गोवंशों के संरक्षण को लेकर प्रभावी कार्ययोजना एवं कार्रवाई करने के निर्देश सीवीओ को दिए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, सीएमओ डॉक्टर रश्मि वर्मा, डीएफओ आरके त्रिपाठी, उपनिदेशक कृषि, डीसी एन आरएलएम, जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी रविंद्र सिंह राठौर, ईओ नगर पालिका, कारागार अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, एक्सईएन आरई एस, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, जिला कृषि अधिकारी, प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी, एक्सईएन जल निगम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार समेत अन्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी पर होगी कार्रवाई: राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार

संबंधित समाचार