बरेली: उधार की केबिल से रोशन हो रहा जगतपुर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सैटेलाइट के पास बिजली की भूमिगत केबिल कट जाने से जगतपुर और महानगर इलाके में बिजली कटौती का संकट गहरा गया है। सोमवार को खोदाई में कटी केबिल मंगलवार को भी पूरे दिन ठीक नहीं हो सकी। ऐसे में जगतपुर की लाइन महानगर से जोड़ने के बाद डबल लोड होने की वजह …

बरेली, अमृत विचार। सैटेलाइट के पास बिजली की भूमिगत केबिल कट जाने से जगतपुर और महानगर इलाके में बिजली कटौती का संकट गहरा गया है। सोमवार को खोदाई में कटी केबिल मंगलवार को भी पूरे दिन ठीक नहीं हो सकी। ऐसे में जगतपुर की लाइन महानगर से जोड़ने के बाद डबल लोड होने की वजह से दोनों ही क्षेत्र के लोगों को बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझना पड़ा।

सोमवार को शहर के सेटेलाइट पुल के पास सीएनजी के कर्मचारियों द्वारा जेसीबी से खोदाई की जा रही थी, जिसमें जगतपुर उपकेंद्र से जुड़ी 33 केवी की डबल केबिल कट गई। केबिल कटने से शाम 4 बजे से 16 हजार घरों की बिजली गुल हो गई। उसके बाद रात में 8 बजे के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने महानगर उपकेंद्र से जोड़कर जगतपुर क्षेत्र में बिजली की सप्लाई को शुरू कराया।

मंगलवार को भी पूरे दिन फाल्ट को ठीक करने का काम चलता रहा। तमाम प्रयासों के बावजूद रात 12 बजे के बाद लाइन शुरू की जा सकी। इसके अलावा सेटेलाइट से श्यामगंज पुल की ओर वाला फीडर खराब हो गया था। सोमवार रात करीब आठ बजे फाल्ट आने की सूचना बिजली विभाग को दी गई। इसके करीब साढ़े तीन घंटे के बाद फाल्ट को सही किया जा सका। इससे करीब दो हजार उपभोक्ता करीब साढ़े तीन घंटे परेशान रहे। एसडीओ आरजे वर्मा ने बताया कि आरोपी ठेकेदार के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: कावड़ यात्रा को लेकर ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच

संबंधित समाचार