बरेली: सवारियों की जान से खिलवाड़ कर रहीं टूरिस्ट बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में टूरिस्ट बसें सवारियों की जान से खिलवाड़ कर रही हैं। सैकड़ों किलोमीटर तक का सफर एक ही चालक द्वारा तय किया जा रहा है। बदायूं रोड, शहामतगंज और बीसलपुर रोड से हर रोज बसों का संचालन किया जा रहा है। आरटीओ और पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं होने से बस …

बरेली, अमृत विचार। शहर में टूरिस्ट बसें सवारियों की जान से खिलवाड़ कर रही हैं। सैकड़ों किलोमीटर तक का सफर एक ही चालक द्वारा तय किया जा रहा है। बदायूं रोड, शहामतगंज और बीसलपुर रोड से हर रोज बसों का संचालन किया जा रहा है। आरटीओ और पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं होने से बस संचालकों के हौसले बुलंद हैं।

डग्गामार वाहनों से होने वाले हादसों पर रोक लगाने के लिए शासन की तरफ से अभियान चलाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद शहर में डग्गामार वाहनों का संचालन करके यात्रियों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के करगैना स्मार्ट सिटी के निर्माणाधीन द्वार के पास से हिमाचल प्रदेश के शिमला- बद्दी के लिए अवैध रूप टूरिस्ट बसों द्वारा सवारी- अवैध माल ( बिना बिल का माल) ढोने का काम किया जा रहा है। इसके चलते सरकार को राजस्व की हानि हो रही है।

बदायूं रोड से शिमला के लिए हर रोज दोपहर में ढाई और शाम को 8 बजे एक बस जाती है। बताया जा रहा है कि बसों को करगैना से आगे बीडीए द्वारा बनाए जा रहे स्मार्ट सिटी प्रवेश द्वार के पास एक खाली प्लाॅट में खड़ा किया जाता है। गन्ना मील से बसों का संचालन करने वाले गिरोह का ऑटो ही सवारियों को लेकर बस तक पहुंचता है।

टूरिस्ट परमिट के नाम पर बसों में यात्रा के समय यात्रियों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। एक ही चालक कई सौ किलोमीटर की दूरी को तय करता है। ऐसे में अगर चालक को लगातार बस चलाते हुए नींद की झपकी आ जाए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

बारादरी थाना क्षेत्र के शहामतगंज पुल के पास से हर रोज जयपुर जाने वाली बसों का संचालन होता है। बसों का संचालन करने वालों ने अपने कार्यालय भी खोल रखे हैं। बरेली में तैनात रहे एडीजी प्रेम प्रकाश के पास जब अवैध बसों के संचालन की शिकायत पहुंची तो उन्होंने अभियान चलवाकर दर्जनों बसों काे सीज कराया था, लेकिन अब फिर से बसों का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है। इसके अलावा बीसलपुर रोड से भी देर रात में बसों का संचालन किया जा रहा है।

दोनों एआरटीओ को कार्रवाई के लिए बोला है। यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगीदिनेश कुमार सिंह, आरटीओ प्रवर्तन।

यह भी पढ़ें- बरेली: कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के दिए निर्देश

संबंधित समाचार