अयोध्या: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों के झगड़े में अभिभावक ने शिक्षक को पीटा, BEO ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय आस्तीकन में दो बच्चों के विवाद में स्कूल बुलाए गए एक अभिभावक ने शिक्षक को पीट दिया। घटना बुधवार को गुरु पूर्णिमा पर तब हुई जब दोनों बच्चों के अभिभावक प्रधानाध्यापक के बुलावे पर स्कूल आए थे। इस घटना को लेकर स्कूल में भय का माहौल बताया जा रहा …

अयोध्या। हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय आस्तीकन में दो बच्चों के विवाद में स्कूल बुलाए गए एक अभिभावक ने शिक्षक को पीट दिया। घटना बुधवार को गुरु पूर्णिमा पर तब हुई जब दोनों बच्चों के अभिभावक प्रधानाध्यापक के बुलावे पर स्कूल आए थे। इस घटना को लेकर स्कूल में भय का माहौल बताया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रकाश ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। जांच की जा रही है। वहीं पीड़ित अनुदेशक शिक्षक ने थाने में भी तहरीर दी है।

जानकारी के अनुसार स्कूल के दो बच्चों में मारपीट को लेकर प्रधानाध्यापक ने दोनों बच्चों के अभिभावकों को स्कूल में बुलवाया था। इसी दौरान एक अभिभावक ने अनुदेशक बद्री विशाल अग्रहरी की पिटाई कर दी। हालांकि घटना के पीछे मुख्य कारण अभिभावक द्वारा बच्चे के मोबाइल से एक अन्य अध्यापक का वीडियो बनवाना बताया जा रहा है। आरोप है कि एक शिक्षक पढ़ाते समय छात्राओं से उचित व्यवहार नहीं करते।

बताया जाता है कि संबंधित शिक्षक के कथित आचरण को लेकर बच्चे द्वारा एक वीडियो बनवाई गई। अभिभावक को संदेह था कि वीडियो अनुदेशक ने ही उसके बच्चे से बनवाई है। इसी को लेकर अभिभावक पहले से खार खाए था। बुधवार को प्रधानाध्यापक से बातचीत के बाद अभिभावक चला गया, लेकिन कुछ देर बाद कुछ लोगों के साथ लौटा और अनुदेशक को पीट दिया। प्रधानाध्यापक तुलसीराम ने मारपीट की घटना से इंकार किया है। उन्होंने धक्कामुक्की की बात स्वीकारी है। पुलिस ने अभी तक कोई लिखित तहरीर न मिलने की बात कही है। प्रकाश में आया है कि आरोपी अभिभावक उम्र कैद की सजा काटकर अभी जल्दी में ही जेल से छूट कर आया है। हालांकि दोनों पक्षों में गुरुवार को सुलह हो जाने की बात सामने आ रही।

पढ़ें-अयोध्या: शहरी विद्यार्थियों को पसंद आया पंचायत भवन का पुस्तकालय, बच्चों ने की प्रशंसा

संबंधित समाचार