बिजनौर : भाकियू का हंगामा देख कार्यालय छोड़कर भागे बिजली अधिकारी, पुलिस ने शांत कराया मामला
नगीना (बिजनौर), अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने बिजली समस्या को लेकर अधिशासी अभियंता कार्यालय पर हंगामा कर दिया। साथ ही धरना देकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान हंगामा देख बिजली अधिकारी कार्यालय से भाग गए। इसके बाद पुलिस ने भाकियू कार्यकर्ताओं को शांत कराया। गुरुवार दोपहर भाकियू अराजनैतिक के सैकड़ों कार्यकर्ता तहसील …
नगीना (बिजनौर), अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने बिजली समस्या को लेकर अधिशासी अभियंता कार्यालय पर हंगामा कर दिया। साथ ही धरना देकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान हंगामा देख बिजली अधिकारी कार्यालय से भाग गए। इसके बाद पुलिस ने भाकियू कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
गुरुवार दोपहर भाकियू अराजनैतिक के सैकड़ों कार्यकर्ता तहसील अध्यक्ष चौधरी नमेंद्र सिंह के नेतृत्व में बिजली निगम के अधिशासी अभियंता के कार्यालय पहुंचे। यहां बिजली समेत अन्य समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए। हंगामा देख बिजली निगम के अधिकारी कार्यालय से भाग गए। सूचना के बाद एसआई अजय पाल सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और यूनियन के कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में एसडीओ देहात विनेश विश्वकर्मा के साथ कार्यालय पहुंचे अधिशासी अभियंता अमरीश कुमार को किसान यूनियन की ओर से बिजली की बिभिन्न समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा गया।
ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की जर्जर लाइनों को बदलवाए जाने, चैकिंग के नाम पर अवैध वसूली पर रोक लगाने, शाम के समय बिजली की कटौती न किए जाने, गांव शेरनगर व नरैनी में फुंके पड़े ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलवाये जाने, लो वोल्टेज की समस्याओं को शीघ्र दूर करने, किसान की बगैर अनुमति के ट्यूवबेल पर मीटर न लगाए जाने, गांव नरौलोपुर के बिजली घर की क्षमता बढ़ाए जाने, विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ता पर मनमाने ढंग से जुर्माना न लगाये जाने, गांव तुख्मापुर में जर्जर विद्युत लाइन के स्थान पर केबल लाइन लगाने की मांग की। मौके पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने किसानों की समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में यूनियन के तहसील अध्यक्ष के अतिरिक्त बढ़ापुर ब्लॉक के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, कोतवाल ब्लॉक के अध्यक्ष रावेंद्र राठी, डा. योगेंद्र सिंह, रोहित कुमार, शीशराम सिंह सहित यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
ये भी पढ़ें : बिजनौर: ढाई लाख रुपये देकर तलाक दे दो, वरना भेज दूंगा जेल
