बरेली: शील चौराहे से छात्र का अपहरण, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दोस्त से हुए विवाद के बाद दबंगों ने कोचिंग के बाहर खड़े छात्र का अपहरण कर लिया। वे उसे कार में डालकर भोजीपुरा की तरफ ले गए और उसे बेल्टों से पीटा। सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर देर रात छात्र को बरामद कर लिया और आईवीआरआई पुल के पास तीन …

बरेली, अमृत विचार। दोस्त से हुए विवाद के बाद दबंगों ने कोचिंग के बाहर खड़े छात्र का अपहरण कर लिया। वे उसे कार में डालकर भोजीपुरा की तरफ ले गए और उसे बेल्टों से पीटा। सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर देर रात छात्र को बरामद कर लिया और आईवीआरआई पुल के पास तीन आरोपियों को दबोच लिया।

इज्जतनगर की डिफेंस कॉलोनी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि उनका बेटा ध्रुव शील चौराहे के पास कोचिंग पढ़ता है। बुधवार शाम वह कोचिंग के बाहर खड़ा था। इसी बीच कुछ लोग आए और ध्रुव को पीटते हुए कार में डालकर ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बेटे की तलाश की तो पता लगा कि आरोपी उसे भोजीपुरा की तरफ ले गए थे।

बाद में मारपीट कर उसे सड़क किनारे छोड़ दिया। पुलिस ने उसे भुंद गांव के पास से बरामद कर लिया। पुलिस ने देर रात आईवीआरआई पुल के पास से अपहरण करने वाले देवांश शर्मा निवासी संतनगर और वहीं के रहने वाले उसके दो नाबालिग साथियों को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि उनके साथ कंजादासपुर के रहने वाले चार अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस ने गुरुवार को उन्हें भी हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस ने देवांश शर्मा को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

ध्रुव के दोस्त से हुआ था विवाद
पूछताछ में पता चला है कि दो दिन पहले आरोपियों का विवाद ध्रुव के दोस्तों से हुआ था। उस समय ध्रुव वहां मौजूद था। आरोपी इसी बात का बदला लेने के लिए उसे उठाकर ले गए थे। जबकि उसने किसी से कुछ नहीं कहा था।

दोस्त को फोन कर मंगाई थी कार
देवांश के साथ पकड़े गए एक नाबालिग ने दोस्त को फोन कर कार मंगाई थी। दबंगों ने फिल्मी स्टाइल में ध्रुव का अपहरण किया। यह देखकर उसके दोस्तों ने पास की चौकी पर जाकर इसकी सूचना दी। पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई।

थाने में रोते रहे आरोपियों के परिजन, छोड़ने की लगाई गुहार
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें रात में थाने में रखा गया। सुबह जब न्यायालय में पेश करने की बात आई तो आरोपियों के परिजन थाने में रोते रहे। वह बच्चों को दिलासा देते रहे। उन्होंने इंस्पेक्टर से बच्चों को छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।

बेल्ट और डंडे लेकर पहुंचे थे आरोपी
पुलिस को शील चौराहे के पास की सीसीटीवी फुटेज मिली है। जिसमें आरोपी डंडे और बेल्ट लेकर पहुंचे थे। उसके बाद वह ध्रुव को उठाकर लाए। ध्रुव के चिल्लाने की आवाज भी उसमें आ रही है।

बच्चों को पता ही नहीं और हो गया गुनाह
दोस्तों के साथ मामूली बात का निपटाने के लिए आरोपियों ने ध्रुव का अपहरण कर लिया और उसे पीटकर रास्ते में छोड़ दिया। उन्हें इस बात का अंदाजा ही नहीं था कि उन पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज हो जाएगी। उन्हें जेल जाना पड़ सकता है।

ध्रुव के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों में दो नाबालिग हैं। चार अन्य के नाम भी सामने आए हैंदया शंकर, इंस्पेक्टर प्रेमनगर।

यह भी पढ़ें- बरेली: कांवड यात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क, जारी किया हेल्पलाइन नंबर

संबंधित समाचार