मुरादाबाद : 3165 अपात्रों का राशन कार्ड होगा निरस्त, मुफ्त राशन का लाभ लेकर हड़पा था गरीबों का हक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में गाड़ी-बंगला वाले अपात्रों ने मुफ्त राशन लेकर गरीबों के हक का राशन डकारा था। शासन की सख्ती के बाद 6284 लोगों ने अपने राशन कार्ड सरेंडर किए थे। इसके सत्यापन के बाद वास्तविक अपात्र पाए गए 3165 का राशनकार्ड निरस्त होगा। खाद्य विभाग द्वारा राशनकार्ड बनाने में नियमों की अनदेखी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में गाड़ी-बंगला वाले अपात्रों ने मुफ्त राशन लेकर गरीबों के हक का राशन डकारा था। शासन की सख्ती के बाद 6284 लोगों ने अपने राशन कार्ड सरेंडर किए थे। इसके सत्यापन के बाद वास्तविक
अपात्र पाए गए 3165 का राशनकार्ड निरस्त होगा। खाद्य विभाग द्वारा राशनकार्ड बनाने में नियमों की अनदेखी का लाभ उठाकर हर जिले में हजारों अमीरों ने गरीबों के हक का राशन डकारने में कोताही नहीं बरती।

कई साल तक यह मुफ्त राशन खाकर पेट भरते रहे, जबकि हजारों ऐसे गरीब हैं, जिनके पास पते का सत्यापन कराने के लिए दस्तावेज न होने से बिना राशनकार्ड के भूखों मरने की हालत हैं। लेकिन सिस्टम की खामियों का फायदा उठाकर अपात्रों ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में कोरोना संक्रमण काल से लेकर अब तक मुफ्त राशन का लाभ लिया। इसके पहले यह लोग रियायती दरों पर खाद्यान्न लेते रहे, इसमें ऐसे वास्तविक अपात्र भी हैं, जिनके पास गाड़ी, बंगला, लाखों रुपये के मोबाइल हैं। मगर उन्हें मुफ्त का राशन लेने में संकोच नहीं आया। जब सरकार ने अपात्रों का राशनकार्ड सरेंडर और निरस्त कराने का निर्देश दिया तो इसकी कलई खुलने लगी।

जिले में 6567 ने कार्रवाई के डर से बचने के लिए राशनकार्ड पूर्ति कार्यालय में सरेंडर किया तो उनकी हैसियत का खुलासा हुआ। सोशल मीडिया पर फैले भ्रम में कई ने अपात्र न होने के बावजूद भी कार्रवाई के डर से राशनकार्ड सरेंडर कर दिया था। सड़क से सदन तक यह मामला गूंजा तो सरकार ने सरेंडर कार्डों का सत्यापन कराने का निर्देश दिया। सत्यापन में जिले में 3165 वास्तविक अपात्र पाए हैं, जिनके कार्ड का सत्यापन 30 जून तक पूरा हो चुका है। अब इनका राशन कार्ड निरस्त होगा।

जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह का कहना है कि सरेंडर किए गए राशनकार्डों का सत्यापन कराया गया है। यह कार्य अभी भी जारी है। अब तक 3165 वास्तविक अपात्र चिह्नित हुए हैं। इनका राशनकार्ड निरस्त कर रहे हैं।

तहसीलवार सरेंडर किए गए कार्डों की संख्या

तहसील                  सरेंडर कार्डों की संख्या
मुरादाबाद शहर                1549
तहसील सदर                   1010
ठाकुरद्वारा                       1600
कांठ                                325
बिलारी                          1800
कुल सरेंडर                   6284

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कहार ने ही लूट ली दुल्हन की पालकी, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार