पीलीभीत: आधे घंटे की आंधी-बारिश ने ठप कर दी बिजली सप्लाई, घंटों की कटौती से परेशान हुए लोग
पीलीभीत, अमृत विचार। आधे घंटे की आंधी-बारिश से भले ही तराईवासियों को गर्मी से कोई खास राहत न मिल सकी हो, लेकिन बिजली को लेकर उनकी आफत जरूर बढ़ गई। हर बार की तरह आंधी-बारिश रुक गई, लेकिन बिजली संकट की मार झेलनी पड़ गई। कई इलाकों में तो 18 घंटे से अधिक समय तक …
पीलीभीत, अमृत विचार। आधे घंटे की आंधी-बारिश से भले ही तराईवासियों को गर्मी से कोई खास राहत न मिल सकी हो, लेकिन बिजली को लेकर उनकी आफत जरूर बढ़ गई। हर बार की तरह आंधी-बारिश रुक गई, लेकिन बिजली संकट की मार झेलनी पड़ गई। कई इलाकों में तो 18 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। जिससे उपभोक्ता पूरी तरह से तिलमिला गए। पावर कॉरपोरेशन की टीम खराबियों का सुधार करने को दौड़-भाग करती रही।
पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोग बेहाल थे। शुक्रवार देर शाम अचानक मौसम बदला और लोगों को कुछ देर के लिए राहत मिल सकी थी। आधे घंटे के लिए तेज आंधी के साथ बारिश हुई। मगर, इस आंधी बारिश ने पहले से जर्जर बिजली संसाधनों को ठप कर दिया। कई जगह फॉल्ट हुए। बिजली के तार, पोल टूटकर गिर गए। ट्रांसफार्मर में खराबी आई। इसके अलावा टनकपुर हाईवे समेत कई जगह पेड़ों की टहनियां आंधी से टूटने के बाद बिजली के तारों पर गिरी और फॉल्ट हो गए। जिसके बाद कई इलाकों के उपभोक्ताओं को रात भर बिना बिजली के ही गुजर बसर करना पड़ा। दूसरे दिन भी दिक्कत दोपहर तक बनी रही।
टीमें दौड़ती रहीं और खराबी को ठीक किया जाता रहा। ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या ने भी उपभोक्ताओं को खूब रुलाया। आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहा, खकरा, डालचंद, शेखचांद, आसफजान, साहूकारा, लाल रोड, मंडी समिति रोड, नई बस्ती, मुख्य बाजार, बजरिया, मदीनाशाह, केजीएन कालोनी, समेत कई जगह फॉल्ट के चलते बिजली गुल रही। चंदोई की तरफ पोल गिर गया। मंडी समिति की तरफ भी फॉल्ट के साथ ही पोल में दिक्कत रही। जिसका सुधार करने को टीम लगी रही। कांशीराम कालोनी ईदगाह और आसपास के इलाके में तो 18 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: मॉर्निंग वॉक करने गए युवक की ट्रक की टक्कर से मौत, चालक ट्रक लेकर फरार, कार्रवाई में जुटी पुलिस
