रामपुर में हुए हादसे से मचा कोहराम, छह मृतकों में से चार शाहजहांपुर निवासी
अमृत विचार, शाहजहांपुर। शाहजहांपुर से चली प्राइवेट बस रामपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रामपुर के थाना सिविल लाइंस इलाके में शनिवार आधी रात के बाद मुरादाबाद-बरेली हाईवे के बाईपास जीरो प्वाइंट के पास सवारियों से भरी डबल डेकर बस और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और …
अमृत विचार, शाहजहांपुर। शाहजहांपुर से चली प्राइवेट बस रामपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रामपुर के थाना सिविल लाइंस इलाके में शनिवार आधी रात के बाद मुरादाबाद-बरेली हाईवे के बाईपास जीरो प्वाइंट के पास सवारियों से भरी डबल डेकर बस और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और 45 लोग घायल हो गए। छह मृतकों में चार लोग शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। जब हादसे की खबर शाहजहांपुर परिजनों के पास पहुंची तो कोहराम मच गया। कुछ लोग रामपुर को रवाना हो गए तो कुछ रिश्तेदार परिवार की महिलाओं को ढांढस बंधाते रहे, पर मृतक के परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
थाना सदर बाजार के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी साक्षी सक्सेना (26) दिल्ली में पति दीपक सक्सेना के पास जा रहीं थीं। साथ में मां सुनीता सक्सेना, छोटी बहन प्राची सक्सेना व प्राची के पति अरुण सक्सेना और साक्षी के दो जुड़वा बच्चे दस माह की तेजस्वी और तेजस भी था। हादसे में साक्षी की मौत हो गई। बाकी लोग घायल हो गए। वहीं मोहल्ला बारादरी निवासी अब्दुल वहीद (50) दिल्ली में मजदूरी करने के लिए थाना कांट के गांव सिमरिया निवासी साढ़ू सद्दाम के साथ जा रहे थे।
हादसे में अब्दुल वहीद की जान चली गई, जबकि साढ़ू घायल हो गया। मोहल्ला मामूड़ी निवासी नसीम खां (52), पत्नी रूबिया खान, बेटी अलीशा(18) के साथ दिल्ली में रह रहे चचेरे भाई के घर जाने के लिए निकले थे। लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले रामपुर में हुए हादसे में नसीम की जान चली गई और पत्नी व बेटी घायल हो गई। दिल्ली निवासी समीम उल हक (35 वर्ष) की भी हादसे में मौत हो गई, दिल्ली वहीं इस घटना में डबल डेकर बस के हेल्पर करन राठौर की भी जान चली गई। इन सभी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। देर शाम तक ज्यादातर लोगों के शव पहुंच थे।
हादसे में मृतकों के नाम
1. साक्षी (26 वर्ष) पत्नी दीपक नि. मो. मल्हार टॉकीज-शाहजहांपुर
2. नसीम (52 वर्ष) पुत्र रफत खान निवासी मोहल्ला मामूड़ी-शाहजहांपुर
3- समीम उल हक (35 वर्ष) पुत्र नईम उल हक नि. शाहदरा, दिल्ली
4. अब्दुल वहीद (50 वर्ष) पुत्र सद्दीक अहमद नि. मो. बारादरी-शाहजहांपुर
5. करन राठौर (18 वर्ष) पुत्र प्रमोद कुमार नि. जलालनगर-शाहजहांपुर
6. हुस्ने आलम पुत्र नवाब नि. ग्राम गोदी थाना हापुड़ देहात-हापुड़
रामपुर से प्राइवेट बस का चालक दोषी, शाहजहांपुर से दे दी क्लीन चिट शाहजहांपुर
रामपुर के एआरटीओ राजेश यादव हादसे में प्राइवेट बस चालक की लापरवाही बताया है। हालांकि उन्होंने बस के सारे कागजात पूरे होने की बात कही है। वहीं शाहजहांपुर के एआरटीओ प्रवर्तन एसबी पांडेय ने प्राइवेट बस चालक को क्लीन चिट दे दी है।
एआरटीओ ने बताया कि बस का संचालन मानकों के अनुरूप किया जा रहा था। बस में सिर्फ 51 यात्री सवार थे। बताया कि उन्होंने रामपुर के अधिकारियों से जानकारी की है, जिसमें पता लगा कि ट्रक का चालक सो गया था, जिससे हादसा हुआ। हादसे के पीछे बस चालक की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है।
