बरेली: मरीजों के साथ खिलवाड़, डॉक्टर साहब छुट्टी पर, जाम पीएचसी पर वार्ड ब्वॉय कर रहा इलाज
बरेली, अमृत विचार। मरीजों को उचित इलाज देने के स्वास्थ्य विभाग के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि अफसरों के निरीक्षण में यह अनियमितताएं उजागर हो रही हैं। उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद भी मुख्य चिकित्साधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। देहात क्षेत्र में एडी हेल्थ की ओर …
बरेली, अमृत विचार। मरीजों को उचित इलाज देने के स्वास्थ्य विभाग के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि अफसरों के निरीक्षण में यह अनियमितताएं उजागर हो रही हैं। उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद भी मुख्य चिकित्साधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
देहात क्षेत्र में एडी हेल्थ की ओर से किए गए निरीक्षण में लगातार कमियां पाई जा रही हैं लेकिन कार्रवाई शून्य है। इसी क्रम में बीती 15 जुलाई को अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण यानि एडी हेल्थ डॉ. दीपक ओहरी और संयुक्त निदेशक डॉ. वागीश वैश्य ने संयुक्त रूप से मीरगंज की जाम पीएचसी का औचक निरीक्षण किया तो यहां वार्ड ब्वाय मरीजों का इलाज कर रहा था, वहीं पीएचसी प्रभारी समेत अन्य स्टाफ अनुपस्थित था।
20 जून से प्रभारी अवकाश पर
निरीक्षण के दौरान एडी हेल्थ को जब जाम पीएचसी प्रभारी अनुपस्थित मिले तो उन्होंने यहां तैनात वार्ड ब्वाय मुनीश कुमार ने बताया कि प्रभारी डॉ. रोहन दिवाकर 20 जून से अनुपस्थित हैं। वहीं यहां तैनात फार्मासिस्ट रोचक सचान का स्थानांतरण हो गया। ओपीडी रजिस्टर और दवाओं का रिकॉर्ड मांगने पर वार्ड ब्वाय ने बताया कि फार्मासिस्ट अलमारी में बंद कर गए हैं। इस संबंध में एडी हेल्थ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि जाम पीएचसी पर वार्ड ब्वाय मरीजों को परामर्श दे रहा था, वहीं प्रभारी और फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले हैं। कार्रवाई को सीएमओ को आदेशित किया गया है।
