अमरोहा : रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो कांवड़ियों की मौत, गुस्साए साथियों ने की तोड़फोड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा,अमृत विचार।सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए ब्रजघाट से जल भरकर लौट रहे बाइक सवार दो कांवड़ियों को नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। सड़क हादसे में कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। रोडवेज चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। पीछे से …

अमरोहा,अमृत विचार।सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए ब्रजघाट से जल भरकर लौट रहे बाइक सवार दो कांवड़ियों को नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। सड़क हादसे में कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। रोडवेज चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। पीछे से आ रहे कांवड़ियों का गुस्सा भड़क गया। नाराज कांवड़ियों ने सात रोडवेज बसों में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने स्थिति को संभाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अन्य कांवड़ियों को रवाना किया गया।

सावन के पहले सोमवार को भगवान भोले का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। मुरादाबाद जिले के कटघर थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी 17 वर्षीय गौरव पुत्र प्रेमपाल व राहुल पुत्र जय सिंह रविवार की शाम बाइक से गंगाजल लेने बृजघाट गए थे। सोमवार की सुबह ब्रजघाट से जल भरकर वह दोनों बाइक से अपने गंतव्य की ओर चल दिए।

सुबह करीब 4:30 बजे जैसे ही वह डिडौली कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर स्थित गांव नीलीखेड़ी के पास पहुंचे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कोशांबी डिपो की रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों कांवड़ियों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन कुछ ही देर वहां पहुंच गए। घटना को देखकर पीछे से आ रहे कांवड़ियों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित कांवड़ियों ने रोडवेज की सात बसों में तोड़फोड़ की। जमकर बवाल किया। घंटों तक कांवड़ियों और परिजनों ने बस चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा काटा। कांवड़ियों की मौत और तोड़फोड़ की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

इसी दौरान बस में यात्रा कर रहे लोग दुर्घटना होते ही बस से उतर गए और अन्य साधनों से अपने गंतव्य हो रवाना हो गए। मौके पर एएसपी, सीओ व हसनपुर, रजबपुर, अमरोहा देहात, नौगांवा सादात थानों से फोर्स को मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने उग्र कांवडियों को बमुश्किल समझा कर गंतव्य के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस ने शवों को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीएम हाउस पर शव पहुंचते ही आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।

डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी और एसपी आदित्य लांग्हे पीएम हाउस पहुंचे और परिजनों को समझाया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी और एसपी आदित्य लांग्हे ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। सीओ सिटी विजय राणा ने बताया कि मृतक दोनों कांवड़िये ब्रजघाट से जल लेकर लौट रहे थे। उनकी बाइक गलत दिशा में चल रही थी। जिस कारण मुरादाबाद की दिशा से आ रही रोडवेज बस से आमने सामने की टक्कर मार दी। मृतक के भाई की तहरीर पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें : अमरोहा : युवक की हत्या मामले में आरपीएफ चौकी इंचार्ज समेत पांच निलंबित, सात पर मुकदमा

संबंधित समाचार