मुरादाबाद: शिक्षकों को ड्यूटी छोड़कर बारिश में भीगना पड़ा भारी, बीएसए के निर्देश पर नोटिस जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों द्वारा स्कूल ड्यूटी छोड़कर बारिश में भीगकर आनंद लेते हुए वीडियो बनाकर पोस्ट करना भारी पड़ेगा। इन शिक्षकों को खंड शिक्षाधिकारी मुरादाबाद मुख्यालय और एमआईएस इंचार्ज ने बीएसए के निर्देश पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। यदि यह साबित हो गया कि यह शिक्षक स्कूल ड्यूटी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों द्वारा स्कूल ड्यूटी छोड़कर बारिश में भीगकर आनंद लेते हुए वीडियो बनाकर पोस्ट करना भारी पड़ेगा। इन शिक्षकों को खंड शिक्षाधिकारी मुरादाबाद मुख्यालय और एमआईएस इंचार्ज ने बीएसए के निर्देश पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। यदि यह साबित हो गया कि यह शिक्षक स्कूल ड्यूटी के समय ऐसा कर रहे थे तो कार्रवाई तय है।

मुरादाबाद ग्रामीण ब्लॉक के प्रावि शाह आलमपुर के प्रधानाध्यापक संजीव गौतम, कंपोजिट विद्यालय मालीपुर विकास खंड कुंदरकी के सहायक अध्यापक औंगार सिंह और दो शिक्षिका जो प्रावि गोट ब्लॉक मुरादाबाद ग्रामीण और सहायक अध्यापिका मल्टीसेक्टोरियल विद्यालय सोनकपुर नगर क्षेत्र में तैनात हैं। इनका नौ जुलाई को एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें यह सभी बारिश में भीगते गुनगुनाते आनंद ले रहे हैं। जबकि उन्हें उस समय स्कूल में होना चाहिए था। वायरल वीडियो का मामला जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तक भी पहुंचा। जिस पर उन्होने यह कह कर खंड शिक्षाधिकारी मुरादाबाद मुख्यालय और एमआईएस इंचार्ज को जांच अधिकारी नामित करते हुए जांच कर रिपोर्ट मांगी।

इस पर खंड शिक्षाधिकारी मुकेश कुमार सिंह और एमआईएस इंचार्ज श्रुति प्रिया ने इन चारों को नोटिस जारी कर पत्र मिलने के तीन दिन के भीतर उनके कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया है। समय पर जवाब न मिलने पर उनको उत्तरदायी मानते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह का कहना है कि वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने पर खंड शिक्षाधिकारी को जांच करने का निर्देश दिया था। इसमें यह देखना है कि क्या वाकई इन सभी ने स्कूल अवधि में ड्यूटी छोड़कर ऐसा किया है। यदि ऐसा है तो कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: बिजली कटौती व बिलों में घपले को लेकर भड़के सपाई, सौंपा ज्ञापन

संबंधित समाचार