अयोध्या: स्कूल में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का हुआ आगाज, CMO ने अभियान का किया शुभारम्भ
अयोध्या। जनपद के बच्चों एवं किशोरों को कृमि से मुक्ति दिलाने के लिए जनपद के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों और स्कूलों में बुधवार से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस शुरू हुआ। कनौसा गर्ल्स कान्वेंट स्कूल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय राजा ने प्रधानाचार्य, टीचर के साथ बच्चों को एलबेंडाजोल की दवा खिलाकर अभियान का शुभारम्भ किया। …
अयोध्या। जनपद के बच्चों एवं किशोरों को कृमि से मुक्ति दिलाने के लिए जनपद के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों और स्कूलों में बुधवार से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस शुरू हुआ। कनौसा गर्ल्स कान्वेंट स्कूल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय राजा ने प्रधानाचार्य, टीचर के साथ बच्चों को एलबेंडाजोल की दवा खिलाकर अभियान का शुभारम्भ किया।
सीएमओ ने बताया कि इस दवा के इस्तेमाल से पेट के हानिकारक कीड़े नष्ट हो जाते हैं। इसका फायदा सबके बेहतर स्वास्थ्य के रूप में मिलता है। सभी बच्चों को साल में दो बार प्रत्येक 6 माह के अंतराल पर एलबेंडाजोल की दवा खानी चाहिए। उन्होंने बताया इस बार जिले के 1 से 19 साल तक के लगभग 11 लाख 48 हजार बच्चों एवं किशोरों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बच्चों के माता-पिता को भी स्कूल में बुलाया जाएगा और उनके सामने दवा खिलाई जायेगी।
25 से 27 जुलाई को मॉप-अप किया जाएगा
उन्होंने बताया कि 25 से 27 जुलाई को मॉप-अप किया जाएगा। जिसमें छूटे हुये बच्चों को दवा खिलाई जाएगी । उन्होने बताया कि कृमि मुक्ति दिवस के लिए जिले से लेकर ब्लॉक स्तर तक तैयारी पूरी कर ली गयी है। स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को दवा खिलाने के लिए पर्याप्त एलबेंडाजोल की दवा की उपलब्धता भी कर दी गयी है।
इस तरह खिलाई जायेगी दवा : आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम को भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 1वर्ष से 2 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली पीसकर खिलानी है। वहीं 2 वर्ष से 19 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की 1 गोली चबाकर खानी है। 6 से 19 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजाल-400 मिलीग्राम की एक गोली चबाकर पानी के साथ अध्यापकों के सामने खिलायी जाएगी। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर एक से दो साल के बच्चों को एल्बेंडाजाल-400 मिलीग्राम की आधी गोली चूरा करके तथा दो से तीन साल के बच्चों को एक गोली चूराकर पानी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा खिलायी जाएगी। चार से पांच साल के बच्चे एक गोली चबाकर पानी के साथ लेंगे। शुभारंभ अवसर पर अर्बन नोडल डा राममणि शुक्ला, वीपी सिंह, डीपीएम राम प्रकाश पटेल, डीसीपीएम अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पढ़ें-बारिश के मौसम में हेयर की ऐसे करें केयर, नहीं होगा बालों में फंगल इन्फेक्शन
