बरेली: आबादी से हटेंगी पटाखा दुकानें, सौ फुटा पर नहीं मनेगी कारोबारियों की दिवाली
बरेली, अमृत विचार। इस बार पटाखों का थोक / फुटकर का कारोबार करने वाले कारोबारियों को सौ फुटा रोड पर दिवाली मनाने को नहीं मिलेगी। प्रशासन अभी से सख्त हो गया है। पटाखा लाइसेंस निरस्त के बाद सौ फुटा रोड से दुकानों को हटाने के लिए एक नोटिस पहले जारी हुआ। अब फिर नोटिस जारी कर कारोबारियों …
बरेली, अमृत विचार। इस बार पटाखों का थोक / फुटकर का कारोबार करने वाले कारोबारियों को सौ फुटा रोड पर दिवाली मनाने को नहीं मिलेगी। प्रशासन अभी से सख्त हो गया है। पटाखा लाइसेंस निरस्त के बाद सौ फुटा रोड से दुकानों को हटाने के लिए एक नोटिस पहले जारी हुआ। अब फिर नोटिस जारी कर कारोबारियों को स्वयं पटाखा कारोबार को शिफ्ट करने की चेतावनी दी जाएगी।
इस बार पटाखा कारोबारी नहीं हटे तो पुलिस की मदद से खदेड़ा जाएगा। इस संबंध में प्रभारी अधिकारी शस्त्र कुमार धर्मेंद्र का स्पष्ट कहना है कि जिनके थोक के लाइसेंस निरस्त हाे चुके हैं। वे बहाल होने के भ्रम में न रहें। उन्हें दुकानें सौ फुटा रोड से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट कराकर नया लाइसेंस बनवाना चाहिए। जो लाइसेंस नहीं बनाएंगे, उन्हें पटाखा कारोबार करने को नहीं मिलेगा।
सीएफओ व पुलिस की रिपोर्ट पर निरस्त किए गए थे लाइसेंस
पिछले साल दिवाली से कुछ रोज पहले सीएफओ समेत पुलिस की रिपोर्ट को आधार मानते हुए जनहित सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन ने लाइसेंस निरस्त किए थे। इसमें पूर्व विधायक केसर सिंह गंगवार के पुत्र विशाल गंगवार का लाइसेंस भी शामिल था। आदेश में लिखा है कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी की प्राप्त आख्या 30 सितंबर, पुन: प्राप्त आख्या 20 अक्टूबर 2021 तथा अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी तृतीय के संयुक्त हस्ताक्षरों से प्राप्त निरीक्षण आख्या 13 अक्टूबर 2021 के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 27 अक्टूबर 2021 को सौ फुटा एवं मिनी बाईपास तथा मॉडल टाउन व राजेंद्र नगर क्षेत्र के कारोबारियों के लाइसेंस निरस्त किए गए थे।
इन कारोबारियों के लाइसेंस निरस्त हो चुके हैं
ज्ञान सिंह कुर्मांचल नगर (केताना ट्रेडर्स), शालिनी सिंह सौ फुटा रोड (हितैशी ट्रेडर्स), अंकुश पावा अंबिका बिहार वीरसावरकर नगर सौ फुटा रोड (हरदेश ट्रेडर्स), गुरुप्रीत सिंह रेजीडेंसी गार्डन (सिंह ट्रेडर्स), मुकेश सिंघल बीडीए शॉपिंग काम्प्लेक्स नैनीताल रोड (सिंघल ट्रेडर्स), बीनू गंगवार ग्राम अहमदाबाद (भारत ट्रेडर्स), कंवलप्रीत सिंह मॉडल टाउन निकट हरि मंदिर (साहिब ट्रेडर्स), तजेंद्र पाल सिंह मॉडल टाउन हरि मंदिर (खालसा ट्रेडर्स), प्रतीक शर्मा राजेंद्र नगर (शर्मा जी ट्रेडर्स), आकांक्षा सिंघल दुर्गा नगर फेस प्रथम (महाकालेश्वर ट्रेडर्स), परविंदर सिंह मॉडल टाउन (परमिंदर ट्रेडर्स), विशाल गंगवार सौ फुटा रोड (विशाल भाई पटाखे वाले), अमरीश कुमार ईस्ट हजियापुर (अम्बे स्टोर), सन्नी कपूर मॉडल टाउन स्टेडियम रोड (कपूर एंड संस), पुष्पेंद्र नाथ गुप्ता वीरसावरकरनगर (गुप्ता ट्रेडर्स), रेशमा शाहबाद (मिलन ट्रेडर्स), सतीश कुमार भसीन राजेंद्र नगर (भसीन ट्रेडर्स), सौरभ बाबू मोहल्ला जकराती (पटवा ट्रेडर्स), पारस सूद बड़ा बाजार (सूद जी ट्रेडर्स), कामरान नूरैन फूलवालान थाना किला (नवरंग ट्रेडर्स)।
आबादी के नजदीक दुकानों को शिफ्ट करने के लिए कारोबारियों को 2019 में आदेश हुए थे। 2020 में कोविड काल की वजह से इन्हें जिला प्रशासन ने यह कहते हुए रियायत दी थी कि 31 मार्च 2021 के बाद अपनी दुकानें शिफ्ट नहीं की थीं। इसके बाद कई माह मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। बाद में दिवाली के नजदीक जोर पकड़ा तो लाइसेंस निरस्त कर दिए गए थे।
डीएम कोर्ट में प्रत्यावेदन देने की तैयारी कर रहे कारोबारी
लाइसेंस निरस्त होने के बाद से कारोबारी दुकानें नहीं खोल पा रहे हैं। इसको लेकर उन्हें नुकसान भी हो रहा है। कई दिनों से कई कारोबारी शस्त्र अनुभाग के चक्कर काट रहे हैं। कुछ अधिवक्ता को लेकर निरस्त कार्रवाई के विरुद्ध प्रत्यावेदन देने के संबंध में जानकारी करने पहुंच रहे हैं। कलेक्ट्रेट सूत्रों ने बताया कि कई कारोबारी डीएम कोर्ट में प्रत्यावेदन देने की तैयारी कर रहे हैं। उन्हें किसी ने राय दी है कि प्रत्यावेदन ही उनके पास विकल्प बचा है।
ये भी पढ़ें- बरेली: बैठक में व्यापारियों ने कहा- 24 घंटे में मिट्टी जांच और गड्ढे कराना बंद नहीं हुए तो बाजार होगा बंद
