अयोध्या: झमाझम बारिश से लोगों को उमस से मिली निजात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जिले में बारिश से जहां लोगों को राहत मिलती है वहीं बिजली को झटका लगता है। शुक्रवार को भी दो घंटे की झमाझम बारिश के बाद चार घंटे से अधिक बिजली गुल रही। लगातार बताया गया कि आपूर्ति शीघ्र बहाल की जा रही है, लेकिन सुचारू नहीं हुई, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी …

अयोध्या। जिले में बारिश से जहां लोगों को राहत मिलती है वहीं बिजली को झटका लगता है। शुक्रवार को भी दो घंटे की झमाझम बारिश के बाद चार घंटे से अधिक बिजली गुल रही। लगातार बताया गया कि आपूर्ति शीघ्र बहाल की जा रही है, लेकिन सुचारू नहीं हुई, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शुक्रवार को करीब 43 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

बुधवार को बारिश के बाद गुरुवार को यहां मेघा नहीं बरसे, जिसके चलते उमस और तपन ने लोगों को बेहाल किया। शुक्रवार सुबह बारिश का मौसम तो बना लेकिन दस से साढ़े बारह बजे तक धूप खिली रही। वहीं दोपहर डेढ़ बजे के बाद फिर मौसम बना और पौने दो बजे झमाझम बारिश शुरू हुई। करीब चार बजे तक बारिश हुई इसी दौरान बिजली गुल हो गई। चौक विघुत उपकेंद्र से जानकारी की गई तो बताया गया कि दर्शननगर उपकेंद्र से खराबी के कारण आपूर्ति ठप है।

बताया गया कि देर शाम तक आपूर्ति बहाल हो सकेगी। इसके चलते घरों के इनवर्टर तक बैठ गए। लोगों का कहना है कि जब भी बारिश होती है तत्काल बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। इस संबंध में अधिशासी अभियन्ता विघुत वितरण खंड प्रथम प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि कतिपय तकनीकी कारण से आपूर्ति बाधित हुई है शीघ्र बहाल की जायेगी।

वहीं शुक्रवार को हुई बारिश के चलते लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली। शहरी क्षेत्र में कई जगह जलभराव की समस्या भी हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश से लोगों को राहत मिली। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.0 और न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से घने बादल छाए रहने एवं हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

पढ़ें-आज यूपी में हो सकती है गरज के साथ भारी बारिश, जानें- अपने शहर का ताजा अपडेट

संबंधित समाचार