बरेली: बकरा खरीदने आए चोरों ने व्यापारी के घर में की लाखों की चोरी, गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। बकरा खरीदने आए हापुड और गाजियाबाद के चोरों की कार डीडीपुरम में खराब हो गई। कार ठीक होने के दौरान वह आस-पास घूमते रहे। उन्होंने वहां एक घर में ताले लगे देखे और फिर तुरंत चोरी की योजना बना डाली। रात में घटना को अंजाम देने के बाद वह लोग फरार हो …
बरेली, अमृत विचार। बकरा खरीदने आए हापुड और गाजियाबाद के चोरों की कार डीडीपुरम में खराब हो गई। कार ठीक होने के दौरान वह आस-पास घूमते रहे। उन्होंने वहां एक घर में ताले लगे देखे और फिर तुरंत चोरी की योजना बना डाली। रात में घटना को अंजाम देने के बाद वह लोग फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस टीम की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों में एक सर्राफ भी शामिल है, जो उनसे चोरी का सामान खरीदता था।
डीडीपुरम के रहने वाले नमन गुप्ता का शील अस्पताल के सामने मकान है। वह कुछ दिन पहले 6 जुलाई को जागेश्चवर धाम के दर्शन करने गए थे। 5 जुलाई को उनकी पत्नी सोनल गुप्ता अपने मायके बीसलपुर चली गई थी। 8 जुलाई को जब नमन वापस आए तो देखा की मकान के ताले टूटे हुए हैं। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनके घर से 17.92 लाख नकद और लगभग 17 लाख की जेवर चोरी हो गया था।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की तो सीसीटीवी और सर्विलांस के माध्यम से पुलिस को कुछ नंबर मिले, जिनकी जांच करते हुए पुलिस टीम हापुड और गाजियाबाद पहुंच गई। पुलिस ने वहां से आए गैंग के सरगना यासीन पुत्र बाबू निवासी पिलखुआ हापुड़, सरफराज पुत्र इकबाल निवासी कोतवाली हापुड़, वसीम पुत्र कालिया निवासी भोजपुर गाजियाबाद, उस्मान निवासी डासना थाना मंसूरी गाजियाबाद ने अपने साथी फरमान के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
चोरी के बाद आरोपियों ने जेवर को पिलखुआ के रहने वाले नवीन वर्मा को बेच दिया था। पुलिस और एसओजी की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरमान अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से 4.64 लाख की नकदी और लाखों के जेवर बरामद कर लिए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
सीसीटीवी में कैद हुआ था यासीन और फरमान
पुलिस ने जांच के दौरान मौके पर लगे सीसीटीवी को चेक किया तो पुलिस को वहां मौके पर खड़े दो संदिग्ध लोगों की तस्वीर मिली है। वह यासीन और फरमान की बताई जा रही थी। पुलिस ने उसकी तलाश की तो टीम हापुड़ और गाजियाबाद पहुंच गई, जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी।
अन्य जिलों में भी दर्ज है कई मामले
आरोपियों के खिलाफ बारादरी में ही नहीं बल्कि कई हापुड़, गाजियाबाद, पिलखुआ में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उन्हें कई बार जेल भेज चुकी है। वह लोग दिन में रेकी करके रात में घटना को अंजाम दिया करते थे।
टोल प्लाजा पर कैद हुई कार
पुलिस ने जब संदिग्ध नंबरों को सर्विलांस पर लेकर जांच की तो वह फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर पहुंच गए। जब वहां जांच की तो पता चला की कार वहां से रात में निकली थी। इसके बाद वहीं कार मुरादाबाद और हापुड़ समेत गाजियाबाद में टोल प्लाजा पर दिखी थी। पुलिस ने कार को भी बरामद कर लिया है।
आरोपियों पर लगेगी गैंगस्टर
एसपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। इन लोगों ने कई और जगहों पर चोरी की घटनाएं की है। यह पहले रेकी करते थे और फिर रात में मौका मिलते ही घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया करते थे।
डीडीपुरम में चोरी करने वाले चार चोर और एक सर्राफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस की एक टीम उसे तलाश कर रही है—रवींद्र कुमार, एसपी सिटी।
यह भी पढ़ें- बरेली: प्रदेश भर में थमेगी कोविशील्ड की सप्लाई, शासन के पास स्टॉक खत्म
