बेहतरीन होटल बन सकते हैं ऐतिहासिक किले : मुख्यमंत्री योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड के ऐतिहासिक स्थलों का जीर्णोद्धार कर पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड का पूरा क्षेत्र ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों से संपन्न है। झांसी, बांदा, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट में ऐतिहासिक स्मृतियों को संजोए अनेक प्राचीन दुर्ग, किले, गढ़ हैं। …

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड के ऐतिहासिक स्थलों का जीर्णोद्धार कर पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड का पूरा क्षेत्र ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों से संपन्न है। झांसी, बांदा, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट में ऐतिहासिक स्मृतियों को संजोए अनेक प्राचीन दुर्ग, किले, गढ़ हैं। हमें नई पीढ़ी को इनके महत्व से परिचय कराना चाहिए। इसको लेकर व्यवस्थित कार्य किये जाने की आवश्यकता है। कहा कि विशाल परिसर वाले कई किले अपनी भव्यता के साथ बेहतरीन होटल के रूप में तैयार हो सकते हैं। हमें इन संभावनाओं को आकार देना होगा।

योगी ने शनिवार को जारी एक निर्देश में अपने आलाधिकारियों से कहा कि बुंदेलखंड में किलों के जीर्णोद्धार के साथ टूरिज्म की संभावनाओं को आकार देने के लिए प्रोफेशनल एजेंसी द्वारा अध्ययन कराया जाए। बाद में, बेहतर कार्ययोजना तैयार की जाय। इस मिशन में पर्यटन, संस्कृति, ग्राम्य विकास, नगर विकास, परिवहन, नागरिक उड्डयन, खेल, गृह, औद्योगिक विकास और जलशक्ति विभाग की भूमिका अहम होगी। कार्ययोजना तैयार करते समय सभी विभागों की भूमिका और उनके कार्य की समय सीमा तय होनी चाहिए।

योगी ने सुझाव दिया कि बुंदेलखंड क्षेत्र में अवस्थित के प्राचीन किलों, दुर्गों का जीर्णोद्धार करके उन्हें पर्यटन के नवीन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। कलिंजर का किला 542 हेक्टेयर के विशाल परिक्षेत्र में अवस्थित है। यहां निजी क्षेत्र की सहभागिता से लाइट एंड साउंड शो, कैम्पिंग-ट्रेकिंग रॉक क्लाइम्बिंग और फ़साड लाइटिंग का कार्य कराया जाए।

किले पर नाइट टूर व नेचर टूर की गतिविधियों को शुरू किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरूआ सागर किले, टहरौली के किले, दिगारा की गढ़ी, चम्पत राय के किले, महल महिपाल निवास, सरीला और रघुनाथ राव के महल को हेरिटेज होटल के रूप में विकसित कर फ़साड लाइटिंग की जाए। बरुआ सागर के पास स्थित और तालबेहट किले के नीचे स्थित झीलों पर वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर टूरिज्म की गतिविधियों को शुरू किया जाए।

कॉफी टेबल बुक हो तैयार

मुख्यमंत्री के मुताबिक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले झांसी के 8, बांदा के 4, जालौन के 2, ललितपुर के 7, हमीरपुर के 3, महोबा के 5 और चित्रकूट के 2 किलों के पुरातात्विक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से परिचय कराती कॉफी टेबल बुक भी तैयार कराई जाए।

आंबेडकर सांस्कृतिक केंद्र, लखनऊ का काम तेज हो

योगी ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर सांस्कृतिक केंद्र, लखनऊ की स्थापना का कार्य तेजी से पूरा कराएं। 6 दिसम्बर को बाबासाहेब का ”महापरिनिर्वाण दिवस” है। कोशिश हो कि तब तक यह महत्वपूर्ण योजना पूरी हो जाए।

यह भी पढ़ें:-यूपी: मुख्यमंत्री योगी के ‘एक्शन’ के बाद भी पीडब्ल्यूडी विभाग में तबादलों का खेल भी जारी

संबंधित समाचार