मुरादबाद : हापुड़ में रची गई थी मजहर की हत्या की साजिश, तफ्तीश शुरू
मुरादाबाद, अमृत विचार। रोडरेज में गोली मारकर कर मौत के घाट उतारे गए कैंटर चालक मजहर खान को मौत के घाट उतारने की योजना हापुड़ में रची गई थी। हत्यारोपी असमौली के कैंटर चालक ने गुर्गों की मदद से मजहर को मौत के घाट उतारा। यह सनसनीखेज दावा किसी और का नहीं, बल्कि वारदात के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। रोडरेज में गोली मारकर कर मौत के घाट उतारे गए कैंटर चालक मजहर खान को मौत के घाट उतारने की योजना हापुड़ में रची गई थी। हत्यारोपी असमौली के कैंटर चालक ने गुर्गों की मदद से मजहर को मौत के घाट उतारा। यह सनसनीखेज दावा किसी और का नहीं, बल्कि वारदात के वक्त घटनास्थल पर मौजूद मृतक के छोटे भाई का है। मैनाठेर कैंटर चालक की हत्या के असल कारणों की तलाश में जुटी है। पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
भगतपुर के मल्लूपुरा गांव का रहने वाला मजहर कैंटर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। तीन भाइयों में सबसे बड़े मजहर ने सह चालक के रूप में मझले भाई अजहर खान को साथ रखता था। अजहर के मुताबिक शुक्रवार रात वह दिल्ली से रस्सी की खेप लेकर उत्तराखंड के काशीपुर रवाना हुआ था। कांवड़ यात्रा के कारण रूट डायवर्ट है। ऐसे में हापुड़, बुलंदशहर, सम्भल होकर वह मुरादाबाद के रास्ते काशीपुर जा रहा था। उसके पीछे प्रदीप कुमार का कैंटर था। हापुड़ में ही देर रात मजहर और हत्यारोपी कैंटर चालक के बीच पहली भिडंत हो गई। वाहन टकराने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोंकझोंक झड़प हुई।
सगे भाई के साथ रहने से मजहर भारी पड़ा। अन्य लोगों ने किसी तरह से विवाद को शांत करा दिया था। फिर दोनों ही चालक वाहन लेकर आगे बढ़े। इधर मजहर मोबाइल फोन पर पत्नी से बातचीत करते हुए भरोसा दे रहा था कि वह सुबह घर पहुंच जाएगा। अजहर के मुताबिक गागन तिराहे के समीप आरोपी कैंटर व उसका चालक पीछे थे। मजहर का कैंटर सबसे आगे था। पौ फटते ही एक बाइक पर सवार दो युवकों ने मजहर की राह रोक ली। टैंकर के खड़े होते पीछे से सम्भल का कैंटर चालक भी आ धमका। तीन से चार हमलावर मजहर से भिड़ गए।
चारों तरफ से घिरे भाई को बचाने की पुरजोर कोशिश अजहर ने की। उधर हमलावर मजहर की जान लेने पर आमादा थे। भीड़ बढ़ती देख हमलावरों में से एक ने मजहर की बाईं कनपटी पर गोली मार दी। तमंचे से निकली गोली मजहर की खोपड़ी को भेदते हुए आरपार हो गई। यही वजह भी रहा कि जिला अस्पताल में एक्सरे के दौरान मजहर के सिर में गोली नहीं मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने गोली लगने से मजहर की मौत होने की पुष्टि की।
हत्थे चढ़ा कैंटर चालक पुलिस कर रही पूछताछ
रोडरेज में मजहर खान को मौत के घाट उतारने के आरोपी संभल के कैंटर चालक को मैनाठेर पुलिस ने द्वारा हिरासत में लेने का दावा किया जा रहा है। कैंटर चालक से पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। वारदात अंजाम देने असल वजह क्या रही? सीसी घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से भी पुलिस दावों के हकीकत की पड़ताल कर रही है।
पति की मौत से टूट गई शबाना
चार वर्ष पहले जीवन साथी के रूप में जिस शबाना ने मजहर का चुनाव किया था, वह शनिवार को पति वियोग में विलाप कर रही थी। परिजनों के मुताबिक घर की बड़ी बहू शबाना को फिलहाल कोई संतान नहीं है। मजहर के दोनों भाई भी अविवाहित हैं। बड़े और जवान बेटे की सरेराह निर्मम हत्या ने परिजनों को झकझोर दिया है।
