मुरादाबाद: हत्यारोपी ने चोरी से जोड़ी कत्ल की कहानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। हाईवे पर कैंटर चालक की हत्या करने का आरोपी पुलिस को बरगलाने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल पूछताछ में वह हत्या की वजह कैंटर चोरी होना बता रहा है। हत्यारोपी के दावे से हैरान मैनाठेर पुलिस घटना की सही कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। हत्यारोपी से पूछताछ जारी है। साथ …

मुरादाबाद, अमृत विचार। हाईवे पर कैंटर चालक की हत्या करने का आरोपी पुलिस को बरगलाने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल पूछताछ में वह हत्या की वजह कैंटर चोरी होना बता रहा है। हत्यारोपी के दावे से हैरान मैनाठेर पुलिस घटना की सही कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। हत्यारोपी से पूछताछ जारी है। साथ ही पुलिस की निगाहें बाइक सवार उन शूटरों को भी तलाश रही है।

  • शातिर कैंटर चालक के पैंतरे से पशोपेश में अधिकारी
  • हत्यारोपी के दावे की पड़ताल करने में जुटी मैनाठेर पुलिस

महानगर की सीमा के समीप मैनाठेर थाना क्षेत्र में सम्भल हाईवे पर शनिवार को सुबह गागन तिराहे के समीप करीब पांच बजे एक कैंटर चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सीओ कटघर अनूप कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वारदात रोडरेज की वजह से हुई। दो कैंटर वाहनों के आपस में भिडंत के बाद दोनों चालक सरेराह भिड़ गए। इस दरम्यान एक कैंटर चालक ने दूसरे की कनपटी को निशाना बनाकर तमंचे से गोली दाग दी। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही कैंटर चालक मजहर खान निवासी ग्राम मल्लूपुरा थाना भगतपुर की मौत हो गई।

वारदात के वक्त घटना स्थल पर मजहर का छोटा भाई अजहर खान भी मौजूद था। अजहर ने बताया कि घटना की असल जड़ हापुड़ से जुड़ी है। सम्भल के असमौली के रहने वाले हत्यारोपी का कैंटर मजहर खान के कैंटर से पहले हापुड़ में भिड़ा। चूंकि मजहर व उसका छोटा भाई सम्भल के कैंटर चालक पर भारी पड़े। इस बात का लेकर सम्भल का कैंटर चालक बदले की आग में जलने लगा। गागन तिराहे के समीप सगे भाइयों के कैंटर को बाइक सवार दो युवकों ने रोका। तब हत्यारोपी सम्भल का कैंटर चालक भी मौके पर मौजूद था। मारपीट के दौरान बाइक सवार शूटरों ने मजहर की कनपटी पर गोली दाग दी। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का अभियोग पंजीकृत करते हुए मैनाठेर पुलिस ने हाईवे पर हत्याकांड की जांच शुरू की। सम्भल के मूल निवासी हत्यारोपी कैंटर चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

नई कहानी ने मैनाठेर पुलिस को चौंकाया : पूछताछ में सम्भल के असमौली थाना क्षेत्र के रहने वाले हत्यारोपी कैंटर चालक ने पुलिस को बताया कि शनिवार को तड़के उसका कैंटर चोरी हो गया था। करीब आधे घंटे बाद कैंटर गागन तिराहे के समीप मिला। मजहर व उसके भाई पर हत्यारोपी ने कैंटर चुराने का आरोप लगाया। उधर, मृतक के छोटे भाई अजहर के मुताबिक हापुड़ में विवाद खत्म होने के बाद वह काशीपुर लौट रहे थे। सीसीटीवी कैमरे में भी घटना स्थल पर बाइक सवार दो युवक कैद मिले हैं। दोनों संदिग्धों के बावत पुलिस सूचना एकत्र करने में जुटी है।

कैंटर चालक की हत्या के मामले में तफ्तीश जारी है। हत्यारोपी कैंटर चालक पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। फिर भी उसके दावे की टोह लेने में मैनाठेर पुलिस जुटी है। वारदात की जड़ व हत्या की असल वजह का पता जल्द चल जाएगा। घटना में जितने भी लोग शामिल हैं, सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। -विद्या सागर मिश्र, एसपी ग्रामीण, मुरादाबाद

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : दहेज न मिलने पर विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश

संबंधित समाचार