पीलीभीत: रमनगरा चौकी इंचार्ज ने बना दी झूठी आख्या, गवाहों को पता तक नहीं
पीलीभीत, अमृत विचार। पुरानी रंजिश में युवक को बंधक बनाकर मारपीट और दरांती से बाल काटने के मामले में एसपी से शिकायत के बाद भी माधोटांडा पुलिस खेल कर गई। रमनगरा चौकी इंचार्ज ने मौका मुआयना और साक्ष्य जुटाए बिना ही झूठी आख्या बनाकर प्रकरण को दबा दिया। दरोगा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित …
पीलीभीत, अमृत विचार। पुरानी रंजिश में युवक को बंधक बनाकर मारपीट और दरांती से बाल काटने के मामले में एसपी से शिकायत के बाद भी माधोटांडा पुलिस खेल कर गई। रमनगरा चौकी इंचार्ज ने मौका मुआयना और साक्ष्य जुटाए बिना ही झूठी आख्या बनाकर प्रकरण को दबा दिया। दरोगा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित ने लखनऊ पहुंचकर डीआईजी लोक शिकायत के यहां दुखड़ा सुनाया। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। यह भी आरोप लगाए कि दरोगा की आरोपियों से दोस्ती है, जिसके चलते कार्रवाई नहीं होने दी गई है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव मटैया लालपुर के निवासी मिल्टन बडल ने डीआईजी लोक शिकायत को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोग उसे घर से अगवा करके एक गोदाम में ले गए थे। फिर चारपाई से बांधकर मारपीट की गई थी। दरांती से उसके सिर के बाल काट दिए थे। घटना की शिकायत एसपी पीलीभीत से की गई।
मामले की जांच के निर्देश तो दिए गए, लेकिन थाना पुलिस ने खेल कर दिया। पहले तहरीर बदलने का दबाव बनाया जाता रहा। उसके बाद दूसरे पक्ष से तहरीर लेकर पीड़ित पर ही एनसीआर दर्ज कर दी। इसके बाद रमनगरा चौकी इंचार्ज की तरफ से झूठी आख्या लगाकर शिकायत को ही फर्जी साबित करने का काम किया गया। आरोप लगाया कि दरोगा की आख्या में जिन लोगों के नाम गवाह के तौर पर शामिल किए गए हैं। उन्हें तो यह पता ही नहीं कि पुलिस ने उन्हें गवाह बना दिया।
यह भी कहा कि बिना मौके पर आए नाम पते के आधार पर मनमाफिक बयान लिखकर झूठी आख्या को तैयार कर दिया गया। इसके पीछे दरोगा और आरोपी के बीच रिश्तों का होना वजह बताया गया। कहा कि रमनगरा चौकी इंचार्ज अन्य फरियादियों से भी मनमानी करते हैं। उनके भय के चलते लोग चौकी शिकायत करने तक नहीं जा पाते हैं। इस पूरे मामले की किसी जांच एजेंसी से जांच कराकर कार्रवाई की गुहार लगाई। शिकायत पत्र की एक प्रति एडीजी, आईजी बरेली समेत अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: दबंगों के हौसले बुलंद, लाठी डंडों से बुजुर्ग को पीटा, चेन भी लूटी
