लखीमपुर-खीरी: पुलिस गश्त करती रही चोर खंगालते रहे दुकान और मकान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, सिकंद्राबाद/बेहजम -खीरी। हाईटेक चोरों ने मंगलवार की रात जिले की स्मार्ट पुलिसिंग के दावों की हवा निकाल दी है। बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त के बीच थाना नीमगांव के शिवाला तिराहे पर तीन स्थानों पर नकब लगाई और दो दुकानों के ताले तोड़ दिए। चोर नगदी, जेवर समेत करीब एक लाख रुपये का …

अमृत विचार, सिकंद्राबाद/बेहजम -खीरी। हाईटेक चोरों ने मंगलवार की रात जिले की स्मार्ट पुलिसिंग के दावों की हवा निकाल दी है। बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त के बीच थाना नीमगांव के शिवाला तिराहे पर तीन स्थानों पर नकब लगाई और दो दुकानों के ताले तोड़ दिए। चोर नगदी, जेवर समेत करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी लेकर भाग निकले।

खास बात यह है कि इस तिराहे पर रात में पुलिस पिकेट की ड्यूटी रहती है। इससे आम जनों का अब पुलिस से सुरक्षा का भरोसा उठ गया है। मौके पर पहुंची नीमगांव पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी जांच की बात कहकर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने से टाल गई।

चोरी के बाद बिखरा पड़ा घर का सामान

कस्बा सिकंद्राबाद निवासी दिनेश जायसवाल ने बताया है उनकी शिवाला तिराहे पर देशी शराब की दुकान है। मंगलवार की रात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में नकब लगा दी और अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखी 10 हजार रुपये की कीमत की शराब उठा ले गये। दुकान में लगे शीशी कैमरे भी खोलकर साथ ले गए। यहां से कुछ दूरी पर सरोज कुमार के मकान में भी चोर नकब लगा कर घर में घुस गए और चार हजार रुपये नकद व पायल चोरी कर ली। तीसरी घटना भी शिवाला तिराहे पर हुई।

शिव कुमार की पान की दुकान का ताला तोड कर चोर दुकान में रखे हजारों रुपये की कीमत के पान मसाला व रखी नकदी चोरी कर ले गए। पास स्थित जगदीश कुमार की दुकान उनके मकान में है। चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया। दुकान में रखे हजारों रुपये के टायर ट्यूब चोरी कर ले गए। दुकान के सहारे घर में घुसे चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले। कुछ दूरी पर स्थित गुड्डू की दुकान का ताला तोड़कर चोर कोल्ड ड्रिंक आदि सामान उठा ले गए।

पीड़ितों को घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब लोग सुबह दुकानों पर पहुंचे। एक-एक कर पांच चोरियों से शिवाला तिराहा के व्यापारियों और लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। चोरी की सूचना पर थाना नीमगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर व्यापारियों ने बताया कि शिवाला तिराहा पर रात में पुलिस की गश्त रहती है। पुलिस गश्त के बीच चोरों ने घटना को अंजाम देकर जहां पुलिस की निष्क्रियता को साबित कर दिया है। वहीं गश्त व्यवस्था पर भी प्रश्न चिह्न लगा दिया है।

चोरी रोक पाने में एसओ पर गिर चुकी है गाज
थाना नीमगांव क्षेत्र में एक महीने के भीतर 18 से अधिक चोरियां हुईं। एसपी संजीव सुमन ने लगातार हो रहीं चोरियों पर अंकुश न लगा पाने और घटनाओं का खुलासा न होने पर तत्कालीन एसओ देवेंद्र कुमार गंगवार को लाइन हाजिर कर दिया था और एसआई अवधेश कुमार यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें एस ो अनीमगांव की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन नवागत एसओ भी क्षेत्र में हो रहीं चोरियों पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। हाईटेक चोर लगातार स्मार्ट पुलिसिंग को खुली चुनौती देते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस सिर्फ लकीर पीट रही है।

चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। इनमें कुछ घटनाएं मितौली क्षेत्र में हुई हैं। क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई गई है। जल्द ही सभी घटनाओं का खुलासा कर घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अवधेश कुमार यादव एसओ थाना नीमगांव

डर से रात जगकर घर बचाने को मजबूर हुए ग्रामीण
थाना भीरा क्षेत्र के हल्का नम्बर तीन में पड़रिया तुला, बेलवा, मलूकापुर, दरियाबाद, चन्द्रपुरा, राधनपुरवा, अम्बरपुरवा, रामदीनपुरवा,पहाड़ापुर,मालपुर,फुटहा,चौखड़ा सहित तमाम गांव आते हैं। पुलिस की रात गस्त काम्बिंग व ग्रामीणों की सतर्कता से अभी तक चोरी जैसी कोई घटना नहीं हुई है।

पड़रिया तुला पुलिस सहायता केंद्र पर तैनात एसआई सुनील कुमार बताते हैं कि शाम होते ही हम लोगों को क्षेत्र से ग्रामीणों के फोन आने शुरू हो जाते हैं। कहीं गन्ने के खेत में तो कहीं गांव के बाहर कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं। दहशत के कारण लोग रात जागकर बिता रहे हैं।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: धौरहरा में पूर्व प्रधान और उसके बेटे पर कातिलाना हमला, गंभीर रूप से हुए घायल

संबंधित समाचार