बदायूं: बीएसए ने रास्ते में रोका डग्गामार वाहन, चालक को चेतावनी
बदायूं, अमृत विचार। जिले में यातायात नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में डग्गामारी हो रही है। वाहनों में स्कूली बच्चों को ठूंसकर बैठाया जा रहा है। गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के निरीक्षण पर जाते समय बिल्सी मार्ग पर ऐसे ही एक वाहन को …
बदायूं, अमृत विचार। जिले में यातायात नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में डग्गामारी हो रही है। वाहनों में स्कूली बच्चों को ठूंसकर बैठाया जा रहा है। गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के निरीक्षण पर जाते समय बिल्सी मार्ग पर ऐसे ही एक वाहन को रोका। जिसमें छात्रों को भरा गया था। क्षमता से ज्यादा सवारी बैठाई गई थीं।
वाहना के चारों ओर बिल्सी के भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज के छात्र लटके मिले। बीएसए ने चालक को फटकार लगाई। बच्चों को समझाया। खंड शिक्षा अधिकारी को कॉलेज के प्रधानाचार्य को नोटिस देने का निर्देश दिया है। इसके अलावा अंबियापुर के बा विद्यालय और उझानी के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया।
वाहन को पकड़ने के दौरान बच्चों को सुरक्षित स्कूल जाने को कहा। कहा कि वाहन पर लटककर जाने से खतरा रहेगा। बच्चों ने भी सुरक्षित होकर कॉलेज जाने की बात कही। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी को फोन करके बात की। कहा कि कॉलेज के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को इस आशय का नोटिस दें कि उनके स्कूल के बच्चों द्वारा वाहन पर असुरक्षित तरीके से यात्रा क्यों की जा रही है।
एआरटीओ को भी इस लापरवाही से अवगत कराने का निर्देश दिया। जिससे भविष्य में बच्चे सुरक्षित हो सकें। इसके बाद बीएसए ने अंबियापुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। 95 छात्राएं उपस्थित थीं। वार्डन भारती मालपाणी को विद्यालय में फल व फूलदार पौधे लगाने और किचिन गार्डन तैयार करने का निर्देश दिया।
प्रार्थना सभा में बच्चों से सामान्य ज्ञान के प्रश्न, ख्याति प्राप्त महिलाएं व महापुरुषों के बारे में चर्चा करने को कहा। विकास क्षेत्र उझानी के प्राथमिक विद्यालय बदरपुर का दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर निरीक्षण हुआ। शिक्षामित्र संजीव कुमार सिंह उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करके गैरहाजिर मिले। भविष्य के लिए चेतावनी दी गई है। 61 में से 33 बच्चे मौजूद मिले। जनसंपर्क करके उपस्थिति में वृद्धि कराने और नए नामांकन का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- बदायूं: बदमाशों के हौसले बुलंद, तमंचे की नोक पर व्यापारी से लुटे 83 हजार रुपये
