मथुरा: बरसात ने खोली निर्माण में बरती गईं खामियों की कलई, सड़क जगह-जगह से धंसी
मथुरा, अमृत विचार। मानसून की एक बरसात ने शहर की सड़कों की हालत खराब कर दी। हालत सड़कों के निर्माण में बरती गईं खामियों की पोल खोल रही है। भूतेश्वर पुल से लेकर बिडला मंदिर तक कई स्थानों पर सड़क धंस गई जिसके चलते सुबह कई वाहन इनमें फंस गए। हालांकि इस लेकर कुछ अधिकारियों …
मथुरा, अमृत विचार। मानसून की एक बरसात ने शहर की सड़कों की हालत खराब कर दी। हालत सड़कों के निर्माण में बरती गईं खामियों की पोल खोल रही है। भूतेश्वर पुल से लेकर बिडला मंदिर तक कई स्थानों पर सड़क धंस गई जिसके चलते सुबह कई वाहन इनमें फंस गए। हालांकि इस लेकर कुछ अधिकारियों ने दौरे किए और एक दूसरे पर ठीकरा फोड़ने लगे।
मथुरा में बुधवार की देर शाम को मानसून की झमाझम बरसात हुई तो लोगों ने गर्मी से राहत पाई। लेकिन इस बरसात ने गुरुवार की सुबह शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण में हुए घटिया कार्यों की कलई खोल कर रख दी। संगीत सिनेमा के सामने पीडब्लूडी की डीसी रोड की सड़क पर गहरे गहरे गड्ढे हो गए और सड़क धंस गई। वहीं बिरला मंदिर के समीप भी सड़क का यही हाल हो गया।
आनन फानन में कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। जिसके बाद सड़क पर हुए गड्ढों को गिट्टी से भर निर्माण में बरती गई कमियों को छुपाने का काम शुरू हुआ। अवर अभियंता कुंवर आशीष ने बताया कि सड़क पर जल निगम द्वारा सीवर लाइन डालने और विद्युत विभाग द्वारा केबिल डालने का काम किया गया था। उसी के चलते सड़क खराब हुई है और दोनों विभागों से इस संबंध में पत्र भेजा गया है।
