लखीमपुर-खीरी: अपराधियों के सामने लाचार हुई खीरी पुलिस, चोरियों का सिलसिला जारी
अमृत विचार, बेहजम/ सिकंद्राबाद-खीरी। थाना नीमगांव क्षेत्र में पांच दुकानों और तीन घरों में हुई चोरी की घटना को 24 घंटे भी नहीं बीत पाए थे कि चोरों ने नीमगांव पुलिस को एक बार फिर खुली चुनौती दे डाली। चोर गांव परहेसरा कलां के एक घर के अंदर रखे 50 हजार रुपये की नगदी और …
अमृत विचार, बेहजम/ सिकंद्राबाद-खीरी। थाना नीमगांव क्षेत्र में पांच दुकानों और तीन घरों में हुई चोरी की घटना को 24 घंटे भी नहीं बीत पाए थे कि चोरों ने नीमगांव पुलिस को एक बार फिर खुली चुनौती दे डाली। चोर गांव परहेसरा कलां के एक घर के अंदर रखे 50 हजार रुपये की नगदी और जेवर चोरी कर ले गए। लगातार चोरी की वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खुद लाठी-डंडा लेकर अपने घरों पर अब रात में पहरा देने के लिए मजबूर हो हैं।
बुधवार की रात चोरों ने थाना नीमगांव क्षेत्र के परसेहरा कला गांव निवासी मुन्ना खां के घर को निशाना बनाया। मुन्ना खां ने बताया कि उनके घर में दो कमरे बने हैं। एक तरफ खर फूस की टटिया लगी है। रात में कमरे के दरवाजों में लगे पल्लों को कुंडा लगाकर बंद कर दिया। इसके बाद वह परिवार के साथ सो गए। रात किसी समय चोर टटिया तोड़ कर घर के अंदर दाखिल हो गये और कमरों में जाकर वहां रखे बक्सों सहित सारा सामान खंगाल डाला।
चोर बक्सों में रखे 50 हजार रुपये, दो जोड़ी सोने के कुंडल, एक जोड़ी पायल, एक मांग बेदी आदि जेवर चोरी कर ले गए। मुन्ना खां ने बताया बीस दिन बाद उसकी बहन का निकाह होना था। इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। निकास का सामान खरीदने के लिए घर में 50 हजार रुपये पचास हजार रुपये और बहन को निकाह में देने के लिए जेवर खरीदकर रखे गए थे। घटना की जानकारी रात तीन बजे तब हुई जब परिवार के लोग लघुशंका के लिए उठे। कमरों के दरवाजे खुले देख उन्हें आशंका हुई।
वह जब कमरे में गए तो देखा कि सामान बिखरा पड़ा हुआ था। बक्से भी खाली पड़े थे। बक्से से नकदी व जेवर आदि गायब थे। चोरी की जानकारी होते ही गांव में दहशत फैल गई। तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवार वालों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। लगातार हो रहीं घटनाओं से ऐसा लगा रहा है कि नीमगांव पुलिस चोरों के सामने लाचार हो गई है। पुलिस से बेखौफ चोर की गश्त को चुनौती देकर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
कई गांवों में चोरों का मचा हल्ला, ग्रामीण टोलियां बनाकर दे रहे पहरा
थाना नीमगांव पुलिस गश्त के दावे कर रही है, लेकिन चोर लगातार घटनाओं को अंजाम देकर गश्त पर सवाल खड़े कर रहे हैं। बुधवार की रात बेहजम, भरहेटा, रारी अंडूबेहड़, करनपुर, कोरैया, पैला, सुनौरी सहित कई गांवों में चोरों और बदमाशों का हल्ला मचा। ग्रामीण लाठी-डंडा और चार्ट लेकर टोलियों में जागते रहो-जागते रहो का हाका लगाने लगे।
गांव पैला में खाली पड़े खंडहरनुमा मकान में बदमाशों के छिपे होने की आशंका पर ग्रामीणों ने चारों ओर से घेराबंदी की। सीओ प्रशिक्षु आदित्य कुमार और इंस्पेक्टर अवधेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे। इसी बीच बिजली चली गई। पुलिस ने जब मकान को खंगाला तो वहां कुछ नहीं मिला। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस देर रात तक संदिग्धों को रोककर चेकिंग अभियान चला रही है। हूटर भी खूब बजाया जा रहा है। इसके बाद भी लगातार चोरियां हो रहीं हैं। जिससे क्षेत्र के लोगों चोरों के आतंक से थर्रा उठे हैं ।
नकाबपोश बदमाशों के देखे जाने की ग्रामीणों में दहशत
नकाबपोश बदमाशों के देखे जाने के बाद से ग्रामीणों और फार्मर दहशत में हैं। भीरा कस्बे से सटे ग्राम कटैया के पास फार्मर सुच्चा सिंह के घर के पास गन्ने के खेत के निकट 12 से अधिक बदमाशों देखे गए। फामर्र के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बदमाशों को ललकारा और फायरिंग कर उनका पीछा किया, लेकिन बदमाश जंगल की तरफ भाग जाने में सफल रहे।
फार्मर सुच्चा सिंह ने बताया कि बदमाश रेन कोट पहने हुए थे। भट्ठा टांडा चक पसियापुर के आसपास रातों में लगातार बदमाशों की आहट है। ग्रामीण रात जागकर बिता रहे हैं। फार्मर सुच्चा सिंह ने थाना भीरा पुलिस को बदमाशों के देखे जाने की लिखित सूचना दी है। कार्यवाहक एसओ दीपक राठौर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंच बदमाशों का पता लगा रही है, लेकिन उनका लोकेशन नहीं मिलता है। इससे अफवाह लग लग रही है। उन्होंने नागरिकों से चोरों व बदमाशों के देखे जाने पर सटीक सूचना देने की अपील की है।
