बरेली: हवाई मार्ग से 1 घंटे में तय होगी बरेली से लखनऊ की दूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। 6 अगस्त से शुरू होने जा रही बरेली-लखनऊ फ्लाइट से आमजन के साथ उद्यमियों, डाक्टरों और अफसरों के साथ जनप्रतिनिधियों को भी लाभ पहुंचेगा। वे सिर्फ 1 घंटे में बरेली से लखनऊ की दूरी तय करेंगे। वहां से यहां आ जा सकेंगे। इस उड़ान का दो साल से इंतजार हो रहा था। …

बरेली, अमृत विचार। 6 अगस्त से शुरू होने जा रही बरेली-लखनऊ फ्लाइट से आमजन के साथ उद्यमियों, डाक्टरों और अफसरों के साथ जनप्रतिनिधियों को भी लाभ पहुंचेगा। वे सिर्फ 1 घंटे में बरेली से लखनऊ की दूरी तय करेंगे। वहां से यहां आ जा सकेंगे। इस उड़ान का दो साल से इंतजार हो रहा था। फ्लाइट के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। एलाइंस एयर कंपनी के सूत्रों के अनुसार 48 सीटर एटीआर के लिए 20 से अधिक टिकटों की बुकिंग हो चुकी है।

इस फ्लाइट के लिए एलाइंस एयर की वेबसाइट www.allianceair.in/book के अलावा माई ट्रिप, क्लियर ट्रिप समेत अन्य बुकिंग एजेंसियों से टिकट बुक करा सकते हैं। एलाइंस एयर के स्टेशन मैनेजर नवीन सलूजा ने बताया कि बरेली-लखनऊ उड़ान उन युवाओं के सपनों को भी पंख लगाएगी, जो प्रतियोगी परीक्षाएं देने के लिए लखनऊ जाने को परेशान रहते हैं। फ्लाइट का समय दोपहर में रहने से यात्रियों को आने-जाने में भी कोई दिक्कत नहीं है।

वहीं, सिविल एयरपोर्ट निदेशक आरएस कनोज ने बताया कि एलाइंस एयर 6 अगस्त से बरेली-लखनऊ फ्लाइट संचालित कर रहा है। इसकी सूचना मिल चुकी है। एयरलाइंस सरकार के अधीन कार्य करती है, इसलिए लखनऊ की उड़ान के लिए पहले मौका मिला है। एलाइंस एयर 27 मार्च से दिल्ली से लखनऊ के लिए आरसीएस स्कीम के तहत फ्लाइट संचालित कर रही है। अब कंपनी अयोध्या और प्रयागराज के लिए उड़ान शुरू करने की संभावना तलाश रही है।

ट्रूजेट व इंडिगो को पछाड़ एलाइंस एयर ने भरी लखनऊ की उड़ान
बरेली। लखनऊ की उड़ान शुरू करने की जिम्मेदारी सबसे पहले अक्टूबर, 2021 में हैदराबाद की टर्बो मेघा एयरवेज (ट्रूजेट) को मिली थी। एयरवेज की फाइनेंशियल बिड के साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना में भी अनुमति मिल गई थी। बरेली से लखनऊ का किराया भी करीब 1900 रुपये तय किया था। फ्लाइट का सिर्फ शेड्यूल जारी होना शेष रह गया था लेकिन ट्रुजेट शेड्यूल ही जारी नहीं कर सकी। इसके बाद इंडिगो ने इस रूट पर फ्लाइट शुरू करने की तैयारी की। आवेदन भी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण भेज दिया लेकिन इंडिगो को मौका नहीं मिला। एलाइंस एयर दोनों एयरलाइंस को पछाड़कर लखनऊ की उड़ान भर रही है।

सवा साल में बरेली से आठ फ्लाइटें शुरू होना गर्व की बात
बरेली एयरपोर्ट से अभी दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू के लिए फ्लाइटें संचालित हैं। अब लखनऊ शहर के लिए शुरू हो रही है। इस तरह चौथे शहर के लिए फ्लाइट शुरू होने से बरेली एयरपोर्ट की साख और बढ़ गई है। 8 मार्च 2021 को बरेली से पहली फ्लाइट एलाइंस एयर ने दिल्ली के लिए शुरू की थी। सिर्फ सवा साल में आठ फ्लाइट शुरू होने से बरेली से भविष्य में और शहरों के लिए फ्लाइटें संचालित होने की उम्मीद बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- बरेली: जिले में फिर मिले कोरोना के मामले, पिता-पुत्र समेत 10 पॉजिटिव

संबंधित समाचार