अमरोहा : जंगल में घास काटने गई महिला को कुत्तों ने नोंच खाया, गंभीर
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। जंगल में घास काटने गई महिला पर कुत्तों ने हमला कर दिया और नोंच कर खा गए। घायल की हालत देखकर अस्पताल में साथ गई महिला भी बेहोश हो गई। नाजुक हालत में घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शुक्रवार की सुबह मोहल्ला कायस्थान चामुंडा रोड निवासी नसीमा ( …
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। जंगल में घास काटने गई महिला पर कुत्तों ने हमला कर दिया और नोंच कर खा गए। घायल की हालत देखकर अस्पताल में साथ गई महिला भी बेहोश हो गई। नाजुक हालत में घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शुक्रवार की सुबह मोहल्ला कायस्थान चामुंडा रोड निवासी नसीमा ( 35 ) पत्नी नन्हे अपनी रिश्ते की सास रसीदन के साथ जंगल से पशुओं के लिए घास काटने के लिए गई थी। एसडीएम कार्यालय के पीछे कुछ कदम दूर दीपपुर मार्ग पर आम के बाग में घास काट रही नसीमा पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। महिला ने अपना बचाव करने की कोशिश की लेकिन कुत्तों ने उसे नोंचना शरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर बाग में काम कर रहे मजदूरों एवं राहगीरों ने कुत्तों को बामुश्किल वहां से भगाया।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गये। आनन-फानन महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत को देखकर चिकित्सक भी दंग रह गए , क्योंकि कुत्तों के झुंड ने महिला के शरीर को जगह-जगह से नोंच लिया था। सूचना मिलने पुलिस भी मौके पर पहुंच गई तथा मामले की जानकारी ली। कुछ दिन पूर्व आवारा कुत्तों ने दीपपुर निवासी महिला को नोंच नोंचकर मार डाला था। वह महिला भी जंगल में घास काटने गई थी।
इस मामले में एसडीएम सुधीर कुमार से जानकारी की तो उन्होंने बताया की लावारिस कुत्तों को पकड़वाने के लिए नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को आदेश दे दिया गया है। टीम मौके पर भेजी जा रही है। कुत्तों को जल्द ही पकड़वाया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- संभल : पत्नी की गर्दन काटकर पति ने की हत्या, दहेज में 10 लाख रुपये की कर रहा था डिमांड
