लखीमपुर-खीरी: थप्पड़ मारे… गला दबाया फिर तीन राउंड फायरिंग कर फैलाई दहशत
अमृत विचार, लखीमपुर-खीरी। शहर में दुकान पर सामान लेने गए एक युवक को दो लोगों ने पकड़ लिया। पहले उसे कई थप्पड़ मारे और गला दबाया। इसके बाद तीन राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई। फायरिंग चलने से भगदड़ मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंचती। इससे पहले ही दोनों आरोपी युवक मौके से भाग निकले। पुलिस …
अमृत विचार, लखीमपुर-खीरी। शहर में दुकान पर सामान लेने गए एक युवक को दो लोगों ने पकड़ लिया। पहले उसे कई थप्पड़ मारे और गला दबाया। इसके बाद तीन राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई। फायरिंग चलने से भगदड़ मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंचती। इससे पहले ही दोनों आरोपी युवक मौके से भाग निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के मोहल्ला मिश्रापुरम निवासी देशराज वर्मा का पुत्र अभिजीत वर्मा घर से राजापुर मंडी के निकट खीरी रोड पर स्थित एक दुकान पर सामान लेने जा रहा था।
मंडी के निकट उसे राजापुर निवासी आकाश वर्मा और सुल्तान ने उसे पकड़ लिया। अभिजीत वर्मा ने बताया कि दोनों युवकों ने उससे पूछा कि यहां क्यूं आते हो। इस पर उसने जवाब दिया कि आनंद की दुकान पर वह सामान लेने आता है। इस पर दोनों आरोपी भड़क गए। वह कुछ समझ पाता। इससे पहले सुल्तान उसे कई थप्पड़ मारे। आकाश वर्मा ने उसका जोर से गला दबा दिया। उसने धक्का मारकर सुल्तान को गिरा दिया।
आसपास के लोग जब उसे बचाने के लिए आगे बढ़े तो सुल्तान ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। आरोप है कि आरोपी ने दो फायर उस पर किए और एक फायर हवा में किया। उसने किसी तरह से भागकर खोखे के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। तीन राउंड फायरिंग होने से सड़क पर भगदड़ मच गई। लोग हमलावरों के नजदीक तक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। हमलावर तमंचा लहराते हुए जान से मार देने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
फायरिंग और मारपीट की सूचना पर राजापुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित अभिजीत व आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी नहीं मिले। पीड़ित अभिजीत वर्मा ने आरोपी आकाश वर्मा व सुल्तान के खिलाफ कोतवाली सदर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जानलेवा हमला व मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है।
राजापुर मंडी के पास मारपीट व फायरिंग की घटना हुई है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं—चंद्रशेखर सिंह प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सदर।
